Hindi Newsराजस्थान न्यूज़Drizzle in some places in Rajasthan, weather will change again in two days

राजस्थान में जाती हुई ठंड के बीच कुछ जगह बूंदाबांदी, विभाग बोला- दो दिन में फिर करवट बदलेगा मौसम

  • आज सुबह साढ़े आठ बजे तक राजस्थान के पहाड़ी इलाकों में सबसे कम तापमान माउंट आबू में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में फतेहपुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर, राजस्थानTue, 11 Feb 2025 03:14 PM
share Share
Follow Us on
राजस्थान में जाती हुई ठंड के बीच कुछ जगह बूंदाबांदी, विभाग बोला- दो दिन में फिर करवट बदलेगा मौसम

राजस्थान में अब ठंड का मौसम धीरे-धीरे विदाई लेता नजर आ रहा है। इस दौरान न्यूनतम व अधिकतम दोनों ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी में वातावरण में तपिश बढ़ती जा रही है। यह बात हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि राज्य के ज्यादातर इलाकों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से ऊपर जा रहा है। मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूर्वी राजस्थान में मौसम शुष्क रहा तथा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई।

आज सुबह साढ़े आठ बजे तक राज्य के पहाड़ी इलाकों में सबसे कम तापमान माउंट आबू में 5.8 डिग्री, तो मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान फतेहपुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले दो दिन में फिर गिरेगा तापमान

मौसम विभाग ने राज्य में आगामी सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है, साथ ही अगले 48 घंटों में यानी अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा सप्ताह के अंत से राजधानी जयपुर में बादल छाए रहने की संभावना है।

प्रदेश में इन स्थानों पर रहा 10 डिग्री से कम तापमान

माउंट आबू में 5.8 डिग्री, फतेहपुर में 7.6 डिग्री, सीकर में 8 डिग्री,सांगरिया में 8.2 डिग्री, लूणकरणसर में 8.7 डिग्री, सिरोही में 8.8 डिग्री, करौली में 8.9 डिग्री, दौसा में 9.2 डिग्री, अजमेर और अलवर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर के लिए अगले 7 दिन के मौसम का पूर्वानुमान

11 फरवरी मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

12 फरवरी बुधवार को भी आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

13 फरवरी गुरुवार को मौसम विभाग ने आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

14 फरवरी शुक्रवार को भी विभाग ने आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई है। साथ ही न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है।

15 फरवरी शनिवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक जा सकता है।

16 फरवरी रविवार को भी जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक जा सकता है।

17 फरवरी सोमवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक रह सकता है।

मुख्य मौसम तंत्र का हाल

उत्तरी अफगानिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर स्थित है। औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 125 नॉट की कोर हवाओं के साथ उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में व्याप्त है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण कम स्पष्ट हो गया है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें