दुष्कर्म मामले में पादरी बजिंदर सिंह दोषी करार, एक अप्रैल को सजा का ऐलान
- पीड़िता का कहना था कि पादरी बजिंदर सिंह ने मोहाली स्थित अपने घर में उसे बुलाया, रेप किया और घटना को रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने की धमकी दी थी।

पंजाब के जालंधर के ताजपुर में चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम चलाने वाले और अपने कथित चमत्कारों से बीमारी ठीक करने का दावा करने वाले विवादित पास्टर (पादरी) बजिंदर सिंह को जीरकपुर की महिला से साल 2018 में दुष्कर्म करने के मामले में मोहाली की जिला अदालत ने दोषी करार दिया है। कोर्ट एक अप्रैल को अपना फैसला सुनाएगी। कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में ले लिया है। पांच अन्य आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया है। जीरकपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पादरी बजिंदर सिंह के साथ सात लोगों अकबर भट्टी, राजेश चौधरी, सुच्चा सिंह, जतिंदर कुमार, सितार अली और संदीप उर्फ पहलवान पर केस दर्ज किया था।
परिवार ने की सख्त सजा की मांग
पीड़िता का कहना था कि पादरी बजिंदर सिंह ने मोहाली स्थित अपने घर में उसे बुलाया, रेप किया और घटना को रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने की धमकी दी थी। अप्रैल 2018 में शिकायत दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था, बाद में दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया, जब वह लंदन भागने की कोशिश कर रहा था। पीड़िता के परिवार ने पादरी बजिंदर के लिए सख्त सजा की मांग की है।
महिला को थप्पड़ मारने का वीडियो हुआ था वायरल
पादरी बजिंदर सिंह का एक और वीडियो 16 मार्च को वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला को थप्पड़ मारता दिख रहा था। इससे पहले उसने बच्चे के साथ बैठी इस महिला के मुंह पर कॉपी भी फेंक कर मारी थी। वायरल हुआ वीडियो 14 फरवरी का था। घटना बजिंदर सिंह के चंडीगढ़ ऑफिस में हुई थी। जिस महिला के साथ मारपीट हुई, वह मोहाली की रहने वाली थी, जो पादरी के पास काम करती थी। इसके बाद महिला ने एफआईआर दर्ज कराई थी।
महिला से यौन उत्पीड़न का मामला भी चल रहा
बजिंदर सिंह पहले से भी यौन उत्पीड़न का आरोपी है। बजिंदर सिंह पर महिला से यौन उत्पीड़न का मामला चल रहा है। महिला ने पुलिस से कहा था कि ताजपुर गांव में द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम के पादरी बजिंदर सिंह ने जालंधर में उसके साथ गलत हरकतें की। कपूरथला पुलिस ने मामले में स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम गठित कर दी थी। इस केस की जांच एसआईटी कर रही है। इस संबंध में कपूरथला में 28 फरवरी को केस दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया था और इसे बहुत गंभीर और चिंताजनक मामला बताया था।यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिला मंगलवार को यहां राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुई थी।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।