Dubai returned groom ghosted by Instagram bride wedding day Punjab moga viral story इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, बारात लेकर पहुंच गया लड़का; न दुल्हन का पता और न कोई मैरिज हॉल, Punjab Hindi News - Hindustan
Hindi Newsपंजाब न्यूज़Dubai returned groom ghosted by Instagram bride wedding day Punjab moga viral story

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, बारात लेकर पहुंच गया लड़का; न दुल्हन का पता और न कोई मैरिज हॉल

दीपक कुमार मंडियाला गांव का रहने वाला है, जो दुबई में दिहाड़ी मजदूर करता था। एक महीने पहले वह शादी करने के इरादे से भारत लौटा।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तानSat, 7 Dec 2024 09:31 PM
share Share
Follow Us on
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, बारात लेकर पहुंच गया लड़का; न दुल्हन का पता और न कोई मैरिज हॉल

पंजाब के जालंधर में शादी के नाम पर धोखे का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। दुबई में मजदूरी करने वाला शख्स उस वक्त हैरान रह गया, जब 150 मेहमानों के साथ वह मैरिज हॉल पहुंचा। मोगा शहर में बारात लाने के बाद उसे पता चला कि दुल्हन तो वहां पहुंची ही नहीं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 साल के इस लड़के का नाम दीपक कुमार है। वह ऑनलाइन चैट के जरिए लड़की के संपर्क में आया था। दोनों ने बातों ही बातों में शादी करने तक का प्लान बना लिया मगर दूल्हे के साथ बड़ा धोखा हो गया।

रिपोर्ट में बताया गया कि दीपक मंडियाला गांव का रहने वाला है, जो दुबई में दिहाड़ी मजदूर करता था। एक महीने पहले वह शादी करने के इरादे से भारत लौटा। लड़की का नाम मनप्रीत कौर है, जिससे उसकी मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। यह भी दिलचस्प है कि दोनों कभी व्यक्तिगत रूप से मिले ही नहीं थे। हालांकि, तीन साल से अधिक समय से लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में जरूर थे। धीरे-धीरे दीपक को मनप्रीत पर विश्वास हो गया और उसने शादी करने का प्रस्ताव रखा। लड़की इसके लिए मान गई थी।

घंटों करते रहे इंतजार, नहीं चला कुछ पता

दीपक और मनप्रीत की शादी मोगा में रोज गार्डन पैलेस नामक स्थान पर होनी थी। मगर, 6 दिसंबर दूल्हा जब अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मोगा पहुंचा तो पता चला कि ऐसा कोई मैरिज हॉल ही नहीं है। इंस्टाग्राम वाली दुल्हन मनप्रीत कौर का भी कुछ पता नहीं चला। दीपक ने जब मनप्रीत से ऑनलाइन बात की तो उसने कहा कि उसका परिवार उन्हें लेने आएगा। मगर, ऐसा कुछ नहीं हुआ और उसका फोन बंद हो गया। दीपक और 150 बाराती शाम 6 बजे तक मोगा के लोहारा चौक पर इंतजार करते रहे। दुल्हन या उसके परिवार की ओर से कोई सूचना नहीं मिली।

शादी के लिए 50-60 हजार रुपये भेजे

दीपक और उसके पिता प्रेम चंद ने मनप्रीत कौर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके मुताबिक, दीपक ने ऑनलाइन रिलेशनशिप के दौरान मनप्रीत को शादी के लिए 50-60 हजार रुपये भेजे थे। उसने लड़की पर धोखा देने का आरोप लगाया और पुलिस से कार्रवाई की मांग रखी है। प्रेम चंद ने कहा कि मनप्रीत के माता-पिता से कभी उनकी बात नहीं हुई। पहले कहा गया कि दीपक और मनप्रीत की शादी 2 दिसंबर को होगी, मगर लड़की के पिता की तबीयत खराब होने कारण इसे 6 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया। उन्होंने कहा, 'इस शादी के लिए हमें पैसे उधार लेने पड़े। हमारे साथ 150 मेहमान भी आए और हमें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा।' पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की के फोन नंबर के जरिए उसका पता लगाया जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।