Notification Icon
Hindi Newsपंजाब न्यूज़Bhagwant Mann announcement of 3000 Anganwadi recruitments More new opportunities for womens in Punjab

रक्षाबंधन पर भगवंत मान का खास तोहफा, 3000 आंगनबाड़ी भर्तियों की घोषणा; महिलाओं के लिए और भी नए अवसर

  • रक्षाबंधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 3000 आंगनबाड़ी भर्तियों की घोषणा की, जिससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने महिलाओं के लिए अन्य क्षेत्रों में भी खास अवसर देने का वादा किया।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तानSat, 17 Aug 2024 01:58 PM
share Share

रक्षाबंधन के अवसर पर पंजाब की महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की 3000 नई भर्तियों के साथ ही महिलाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा करने की घोषणा की। बरनाला में रक्षाबंधन के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही इन पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कदम से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे जो महिलाओं के अधिक अधिकारों के लिए बेहद सहायक होंगे। 

भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से सरकार कई प्रयास कर रही है। राज्य के 6 जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में महिला अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और 8 जिलों में डिप्टी कमिश्नर हैं। राज्य में लड़कियों की भलाई के लिए बड़े प्रयास किए जा रहे हैं और इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

अग्निशमन स्टाफ में महिलाओं की भर्ती के लिए नियमों में होंगे सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन स्टाफ में महिलाओं की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण के मौजूदा मानकों को बदलने के लिए नियमों में आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुख की बात है कि पिछली सरकारों ने इन नियमों को बदलने के लिए कुछ नहीं किया क्योंकि इन नेताओं का लोगों और उनकी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं था। मान ने घोषणा की कि अग्निशमन स्टाफ में लड़कियों की भर्ती करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य होगा।

अब तक 44,700 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 44,700 युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और मंशा में युवाओं का विश्वास बढ़ा है, जिसके कारण वे विदेश जाने का इरादा छोड़ कर यहां रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण देने के लिए 8 हाईटेक कोचिंग सेंटर खोल रही है। ये केंद्र युवाओं को यू.पी.एस.सी. परीक्षा पास करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करेंगे ताकि हमारे युवा राज्य और देश में उच्च पदों पर सेवा कर सकें।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें