दिल्ली में लू का अटैक; 41°C तापमान, सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड, यलो अलर्ट
Delhi Mausam: दिल्ली में सोमवार लू की स्थितियां देखी गईं। दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में साल 2022 के बाद अप्रैल महीने में लू की स्थितियां देखी गई हैं।

Delhi Weather: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में लू चल रही है। सोमवार को भी दिल्ली में कई जगहों पर लू की स्थिति देखी गई। दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के रिज और आयानगर इलाके में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो दिल्ली में साल 2022 के बाद अप्रैल महीने में लू की स्थितियां देखी गईं।
अगले 2 दिन लू चलने का अलर्ट
IMD ने अगले दो दिनों के दौरान मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 8 और 9 अप्रैल को लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 और 9 अप्रैल को भी दिल्ली में लू की स्थिति बनी रह सकती है।
42 डिग्री जाएगा तापमान
इन दोनों ही दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज धूप और साफ आसमान की वजह से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जाएगी।
बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप निकलेगी। आसमान में बादलों की मौजूदगी नहीं रहने से दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ती जाएगी। मंगलवार को दिल्ली एनसीआर में लू की स्थितियां देखी जा सकती हैं।
क्या है वजह?
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि काफी समय से दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अच्छी बारिश नहीं हुई है। इससे वातावरण में नमी नहीं है। इतना ही नहीं मौजूदा वक्त में सिंध और बलूचिस्तान से आने वाली रेगिस्तानी गर्म हवाएं भी तापमान बढ़ाने में मदद कर रही हैं।
40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग की मानें तो 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर दिल्ली एनसीआर के इलाकों पर हल्का नजर आ सकता है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहरों में 10 अप्रैल को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल को दिल्ली एनसीआर के इलाकों में छिटपुट हल्के बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
11, 12 और 13 को राहत के आसार
IMD की मानें तो मौसम में आए इस बदलाव के कारण दिल्ली एनसीआर के तापमान में मामूली गिरावट देखी जाएगी। इससे लोगों को लू से भी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। 12 अप्रैल को तो हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। 11, 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।