यमुना की सफाई पर दिल्ली के ACS का तारीख के साथ '100% वाला' दावा; प्लान भी समझाया
दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने से पहले ही यमुना की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई का मुद्दा जोरशोर से उठाया था। आईटीओ के पास दिल्ली के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सफाई कार्य का जायजा लिया और यमुना की सफाई की डेडलाइन भी बताई।

दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने से पहले ही यमुना की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। आईटीओ के पास दिल्ली के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सफाई कार्य का जायजा लिया। कहा कि दिल्ली में 6 एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) और बनाए जाएंगे। उन्होंने यमुना की सफाई की डेडलाइन भी बताई।
दिल्ली के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) नवीन कुमार चौधरी ने आईटीओ के पास यमुना की सफाई की समीक्षा करने के बाद कहा कि दिल्ली में एक दर्जन एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) काम कर रहे हैं। कुछ एसटीपी ठीक तरह से काम कर रहे हैं, जबकि कुछ ठीक नहीं हैं। पहला लक्ष्य सभी मौजूदा एसटीपी को ठीक करना है। इसके बाद दूसरा लक्ष्य छह नए एसटीपी बनाना है। नए एसटीपी बनाने के काम दिसंबर 2026 तक पूरे हो जाएंगे।
एसीएस से जब पूछा गया कि यमुना में नाले छोड़े जाते हैं, क्या इन्हें बंद किया जाएगा। इस पर उन्होंने कहा कि नाले छोड़े नहीं जाते। ये प्राकृतिक चीज है। अगर नाले नहीं छोड़े जाएंगे तो हमेशा जलजमाव की स्थिति बनी रहेगी। कहा कि समस्या यह है कि नालों के जरिए जो अनट्रीटेड सीवरेज और इंडस्ट्रियल वेस्टेज आता है, उसे ट्रैक करते हुए कैसे एसटीपी तक ले जाया जाए। इसी कारण से नए एसटीपी का निर्माण किया जा रहा है और पहले से बने एसटीपी का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोई भी वेस्टेज यमुना तक पहुंचने से पहले पूरी तरह ट्रीटेड हो, ताकि उससे यमुना का पानी प्रदूषित न हो। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में यमुना की सफाई की प्रक्रिया दिसंबर 2027 से पहले निश्चित तौर पर पूरी कर ली जाएगी।
बता दें कि बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई का मुद्दा जोरशोर से उठाया था। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी यमुना की सफाई पर जोर देते हुए कहा था कि कई चरणों में इसकी सफाई की जाएगी। उन्होंने अहमदाबाद में साबरमती रिवर फ्रंट की तरह ही दिल्ली में यमुना रिवर फ्रंट बनाने की बात कही थी।
दिल्ली चुनाव जीतने के बाद हालांकि बीजेपी ने अभी सरकार नहीं बनाई है, लेकिन यमुना की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बड़ी-बड़ी मशीनें मंगवाई गई हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य मुख्य सचिव को यमुना की सफाई का काम शुरू करने के लिए कहा था।