दिल्ली में सरकार बदलते ही यमुना आरती की शुरुआत, इस दावे का सच क्या है?
दिल्ली में यमुना की आरती का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद इसे एक बदलाव के तौर पर पेश किया जा रहा है।

दिल्ली में यमुना की आरती का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद इसे एक बदलाव के तौर पर पेश किया जा रहा है। कई लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके दावा कर रहे हैं कि पहली बार दिल्ली में भी यमुना आरती की शुरुआत हो गई है और अब हर दिन ऐसा होगा।
45 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें नदी किनारे आरती हो रही है। अनुराधा पौडवाल की आवाज में यमुना माता की आरती सुनाई दे रही है। इसके साथ लोग दावा कर रहे हैं कि दिल्ली में सरकार बदलने के बाद ऐसा हुआ है। एक एक्स यूजर ने लिखा, दिल्ली वाले देखो आपके एक वोट का कमाल। दिल्ली में बीजेपी सरकार आते ही कश्मीरी गेट स्थित यमुना घाट पर मां यमुना जी की आरती शुरू हो गई है। ये प्रधानमंत्री मोदीजी का ही संकल्प है, जिसे वो यमुना रिवरफ्रंट के रूप में पूर्ण करेंगे। जय मां यमुना जी।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यह होता है सही जगह वोट देने का परिणाम। दिल्ली के कश्मीरी गेट यमुना घाट पर यमुना जी की संध्या आरती शुरू हो गई। यह पहला स्टेप है, पहले यमुना जी से क्षमा मांगी गई, उनकी स्तुति की गई। अब होगा मुख्य कार्य आरंभ, यमुना की सफाई। ये नहीं कर सकते तो कोई नहीं कर सकता सब्र करो थोड़ा।'
क्या है आरती की शुरुआत का सच
लाइव हिन्दुस्तान ने जब इस मामले की पड़ताल की तो सच कुछ और ही निकला। हमने गूगल पर 'दिल्ली यमुना आरती' कीवर्ड सर्च किया तो हमें 2024 के कई न्यूज लिंक मिले, जिनमें बताया गया है कि दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास वासुदेव घाट का निर्माण किया गया है और यहां यमुना आरती की शुरुआत की गई है। मार्च 2024 में एलजी वीके सक्सेना ने यमुना आरती की शुरुआत की थी। डीडीए ने कश्मीरी गेट के पास यमुना किनारे वासुदेव घाट का निर्माण कराया है। इससे साफ है कि सरकार बदलने के बाद यमुना आरती की शुरुआत होने का दावा पूरी तरह से गलत है। घाट का निर्माण डीडीए की ओर से कराया गया है, जोकि केंद्र सरकार के अधीन है। लेकिन आरती की शुरुआत पिछले साल ही हो गई थी।
यहां पढ़ सकते हैं- मार्च 2024 में यमुना आरती के उद्घाटन की खबर
केजरीवाल ने भी की थी यमुना आरती
पड़ताल के दौरान हमें 2015 का भी वीडियो मिला जब तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी कैबिनेट के साथ यमुना की आरती की थी। उन्होंने तब गीता घाट पर धूमधाम से यह आरती की थी। काशी से पंडितों को बुलाया गया था। यमुना किनारे काफी साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी।
भाजपा ने किया है यमुना की सफाई और रिवर फ्रंड का दावा
भाजपा ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में यमुना की सफाई का वादा किया है और तीन साल के भीतर साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर यमुना रिवर फ्रंट बनाने का भी वादा दिया है।