Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़PM Modi will hold first election rally in north east delhi for BJP MP Manoj Tiwari There will be a mega show on Saturday

दिल्ली के सियासी समर में शनिवार को होगा मेगा शो, PM मोदी यहां करेंगे सबसे पहली रैली

राजधानी दिल्ली में वीकेंड पर सियासत का मेगा शो होगा। यानी, शनिवार को बड़े नेताओं की रैलियां और जनसभाएं होंगी। लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली में पहली जनसभा भी शनिवार को होगी।

Praveen Sharma नई दिल्ली। हिन्दुस्तान, Fri, 17 May 2024 12:22 AM
share Share

राजधानी दिल्ली में वीकेंड पर सियासत का मेगा शो होगा। यानी, शनिवार को बड़े नेताओं की रैलियां और जनसभाएं होंगी। लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली में पहली जनसभा शनिवार को होगी। उधर, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में वोट मांगेंगे। भाजपा के कई दूसरे नेताओं के कार्यक्रम भी रविवार के लिए तय किए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को चुनाव प्रचार करेंगे।

दिल्ली के सियासी रण में अब बड़े नेताओं की एंट्री होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में दो जनसभाएं करेंगे। उनकी पहली जनसभा उत्तर-पूर्वी दिल्ली इलाके में शनिवार को होगी। पीएम मोदी यहां मनोज तिवारी के लिए वोट मांगेंगे। इस सीट पर भाजपा के मनोज तिवारी और कांग्रेस के कन्हैया कुमार के बीच मुकाबला है। मोदी की जनसभा के कार्यक्रम के चलते अमित शाह की पहले से प्रस्तावित जनसभा को सोमवार को कर दिया गया है। मोदी के कार्यक्रम को भाजपा नेता गुरुवार रात तक अंतिम रूप देते रहे। इसे लेकर पार्टी संगठन की दिनभर बैठकें चलीं। भाजपा की तैयारी है कि पीएम की बड़ी जनसभा की जाए। इसके बाद उनकी दूसरी जनसभा बीस मई के बाद आयोजित की जाएगी।

राहुल गांधी भी दिल्ली में शनिवार से शुरू करेंगे प्रचार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रचार अभियान भी दिल्ली में शनिवार से शुरू होगा। चांदनी चौक लोकसभा के वजीरपुर के अशोक विहार रामलीला मैदान में होने वाली जनसभा में राहुल गांधी शामिल होंगे। दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव व अन्य नेताओं ने गुरुवार दिन में मैदान की स्थिति का जायजा लिया। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बताया कि 18 मई को अशोक विहार स्थिति रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करके राहुल गांधी अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी को सुनने के लिए चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के अलावा पूरी दिल्ली से ही बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। देवेन्द्र यादव ने बताया कि जनसभा की तैयारियों के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। जनसभा के लिए आसपास के क्षेत्र में प्रचार का जिम्मा खासतौर पर आदर्श नगर और चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को सौंपा गया है।

अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ के भी कार्यक्रम होंगे

वीकेंड पर भाजपा के दूसरे नेता भी प्रचार करेंगे। केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर का लोधी रोड पर रविवार को कार्यक्रम हो सकता है। योगी आदित्यनाथ की एंट्री भी दिल्ली के चुनावी समर में होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उनके प्रचार अभियान कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यूपी के प्रचार कार्यक्रम को ध्यान में रखकर उनके दिल्ली में कार्यक्रम लगाए जाएंगे। इसके अलावा बीस मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में चुनावी जनसभा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 20 मई को दिल्ली में रोड शो करेगें। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री और दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम भी दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।

'आप' के लिए प्रचार कर सकते हैं सचिन पायलट

कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट आम आदमी पार्टी (आप) का प्रचार कर सकते हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के मुताबिक, 'आप' की ओर से प्रचार के लिए सचिन पायलट की मांग की गई है। दिल्ली में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनाव प्रचार में ज्यादा से ज्यादा सामंजस्य बैठाने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद कांग्रेस के तीनों प्रत्याशियों ने केजरीवाल से मुलाकात की थी। बाद में मुख्यमंत्री ने तीनों प्रत्याशियों के समर्थन में दो रोड शो का भी आयोजन भी किया था। जिसमें उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील दिल्ली की आम जनता और समर्थकों से की थी।

कई इलाकों में शाम के समय यातायात प्रभावित रहेगा

लोकसभा चुनावों तक राजधानी में शाम के समय यातायात में बाधा रहेगी। गर्मी के चलते सभी दल चुनावी सभा और रोड शो शाम को कर रहे हैं। इससे अलग अलग इलाकों में जाम की आशंका रहेगी। ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर इसके लिए राहगीरों को अपडेट करती रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, घर से निकलते समय रूट प्लान अवश्य देखें। इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट और सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ से जानकारी हासिल कर सकते हैं। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें