Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़North East Delhi Lok Sabha seat : Even Kanhaiya Kumar could not break the spell of BJP Manoj Tiwari in Yamunapar

यमुनापार में BJP के मनोज तिवारी का तिलिस्म कन्हैया कुमार भी नहीं तोड़ पाए

उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी ने सियासी पिच पर जीत की हैट्रिक लगा दी है। इस जीत के साथ उन्होंने उन आलोचकों का मुंह बंद करने के साथ भाजपा के भरोसे को भी कायम रखा है।

Praveen Sharma नई दिल्ली। हिन्दुस्तान, Wed, 5 June 2024 12:04 AM
share Share

क्रिकेट खेलने के शौकीन उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी ने सियासी पिच पर जीत की हैट्रिक लगा दी है। इस जीत के साथ उन्होंने उन आलोचकों का मुंह बंद करने के साथ भाजपा के भरोसे को भी कायम रखा है। तिवारी ने लगातार तीसरी बार एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। वर्ष 2014 में पहली बार वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर लोकसभा चुनाव में उतरे थे, जिसके बाद से लगातार यहां से जीत रहे हैं।

राजधानी की सभी सात सीटों में उत्तर-पूर्वी सबसे हॉट लोकसभा सीट थी। यहां से इंडिया गठबंधन की तरफ से कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को टिकट दिया था। पूर्वांचल के दो बड़े चेहरों का एक ही सियासी पिच पर आने के बाद मनोज तिवारी के खिलाफ बनी सत्ता विरोधी लहर को लेकर राजनीतिक जानकार कड़ी टक्कर मान रहे थे। कन्हैया कुमार को अच्छे वक्ता के साथ युवा चेहरा होने का फायदा मिल रहा था। वह लगातार मनोज तिवारी के खिलाफ आक्रामक बने हुए थे। ऐसे में माना जा रहा था कि तिवारी के लिए लड़ाई आसान नहीं होगी, लेकिन नतीजों ने स्थिति साफ कर दी है।

पहले राउंड से ही बढ़त बनाई : दिल्ली में भाजपा के मनोज तिवारी अकेले उम्मीदवार थे, जिनका टिकट नहीं कटा था। इसलिए उनके ऊपर भाजपा की ओर से जताए गए भरोसे का भी दबाव था, परंतु सही रणनीति और विकास को लेकर किए गए कार्यों के अलावा प्रचार के तरीकों ने उन्हें जीत दिला दी। मंगलवार को जब मतगणना शुरू हुई तो वह पहले ही राउंड से कन्हैया कुमार से आगे रहे। सुबह 11 बजे तक तिवारी 31 हजार से अधिक वोटों की बढ़त ले चुके थे।

प्रत्याशी                          वोट

मनोज तिवारी (BJP)        8,24,451

कन्हैया कुमार (CONG)    6,85,673

अशोक कुमार (BSP)       12138

जीत का अंतर                  1,37,066

जीत के बाद 5 प्राथमिकताएं बताईं

1. उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराध रोकने के लिए कानून व्यवस्था को और ठीक कराया जाएगा। 
2. जाम की समस्या दूर करने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण करेंगे।
3. दिल्ली में जलापूर्ति और जलभराव की शिकायतें दूर करने के लिए योजनाएं बनाएंगे।
4. केंद्रीय विद्यालय स्कूल शुरू करने के साथ मुकुंदपुर बुराड़ी में झील, पार्क और खेल का मैदान बनाया जाएगा।
5. सड़कों का चौड़ीकरण करने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएंगे ताकि जाम की समस्या न हो। 

किसके खेमे में गए कितने वोटर

पार्टी                2024                 2019              2014 

भाजपा             53.10%             53.86%          45.23%        

कांग्रेस              44.16%             28.83%          34.30%

अन्य                 2.74%     (आप) 13.5%  (आप)  16.30% 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें