Hindi Newsएनसीआर न्यूज़No relief from traffic jam in Delhi till December more problems on these routes

दिल्ली में दिसंबर तक जाम से राहत के आसार नहीं, इन रास्तों पर अधिक दिक्कत

दिल्ली में आश्रम फ्लाईओवर, अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर, सराय काले खां फ्लाईओवर, पंजाबी बाग फ्लाईओवर और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य चल रहा है। कई जगहों पर कार्य इस वर्ष दिसंबर तक चलेगा।

दिल्ली में दिसंबर तक जाम से राहत के आसार नहीं, इन रास्तों पर अधिक दिक्कत
Praveen Sharma नई दिल्ली | हिन्दुस्तान, Fri, 27 Jan 2023 12:16 AM
हमें फॉलो करें

राजधानी दिल्ली में प्रमुख जगहों पर चल रहे निर्माण कार्य फिलहाल जाम के सबसे बड़े कारण हैं। इसके चलते रोज हजारों वाहन चालक जाम का सामना कर रहे हैं। इनमें से कई जगहों पर चल रहा निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक चलेगा, जिसके चलते वहां फिलहाल जाम से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

दिल्ली में आश्रम फ्लाईओवर, अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर, सराय काले खां फ्लाईओवर, पंजाबी बाग फ्लाईओवर और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य चल रहा है। दिल्ली के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल आश्रम फ्लाईओवर पर बीते एक जनवरी से निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पर आश्रम फ्लाईओवर के निचले हिस्से को डीएनडी के नए हिस्से से जोड़ने का काम चल रहा है। 15 फरवरी तक इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस निर्माण कार्य के चलते आश्रम फ्लाईओवर के नीचे दोनों कैरिज-वे में रोजाना हजारों वाहन चालक जाम में फंसते हैं। इसके अलावा मथुरा रोड, सीवी रमन मार्ग, बारापुला, तैमूर नगर, लाजपत नगर आदि जगहों पर भी इसका असर देखने को मिलता है।

पीडब्ल्यूडी द्वारा आनंद विहार पर अप्सरा बॉर्डर के समीप फ्लाईओवर बनाने का काम जनवरी माह में शुरू किया गया है। रामप्रस्थ और सूर्यनगर लालबत्ती के ऊपर बनने वाला यह फ्लाईओवर दिसंबर माह तक बनकर तैयार होगा। ट्रैफिक पुलिस द्वारा इसे ध्याम में रखते हुए व्यापक बंदोबस्त तो किए गए हैं, लेकिन यहां रोजाना जाम लगता है। इसके चलते आनंद विहार, गाजियाबाद, दिलशाद गार्डन, विवेक विहार आदि इलाकों में जाम की समस्या रहती है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य : एनएचएआई द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जिसके चलते पूर्वी और उत्तरी दिल्ली के कुछ इलाकों में जाम की समस्या रहती है। इस प्रोजेक्ट के तहत अक्षरधाम, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और यूपी बॉर्डर लोनी पर निर्माण कार्य चल रहा है।

रिंग रोड पर बन रहा पुल

रिंग रोड पर पंजाबी बाग क्लब के समीप पीडब्ल्यूडी द्वारा फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। यह काम बीते दिसंबर में शुरू किया गया था और नवंबर माह तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां चल रहे निर्माण कार्य के चलते पंजाबी बाग क्लब, पंजाबी बाग चौक, मोती नगर, कर्मपुरा आदि क्षेत्रों में जाम की समस्या रहती है।

सराय काले खां पर दिक्कत

सराय काले खां पर फ्लाईओवर बनाने का काम चल रहा है। यह नवंबर तक बनकर तैयार होगा। इसके चलते सराय काले खां पर रोजाना जाम की समस्या रहती है। आश्रम फ्लाईओवर पर चल रहे निर्माण कार्य की वजह से बारापुला के रास्ते सराय काले खां पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है। इस वजह से यहां से निकलने वाले वाहनों को ज्यादा परेशानी होती है।

आउटर रिंग रोड पर भी ट्रैफिक होगा प्रभावित

दक्षिण दिल्ली स्थित चिराग दिल्ली पर भी जल्द ही पीडब्ल्यूडी द्वारा मरम्मत का कार्य किया जाना है। यह कार्य पहले बीते अक्टूबर माह में होना था। उसी समय ट्रैफिक पुलिस ने अनुमति दे दी थी, लेकिन कार्य शुरू नहीं हुआ। 26 दिसंबर को ट्रैफिक पुलिस से एनओसी का समय बढ़वाया। अब वह यहां पर मरम्मत कार्य करना चाहते हैं, लेकिन आश्रम कार्य के चलते चल रही जाम की समस्या के चलते ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें फरवरी में कार्य करने की सलाह दी है।

लेटेस्ट   Hindi News,   बॉलीवुड न्यूज,  बिजनेस न्यूज,  टेक ,  ऑटो,  करियर ,और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें