Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़munak canal breach in delhi bawana residents tell their ordeal send videos but nobody take action

सुबह उठे तो हर जगह था पानी, बच्चों-बुजुर्गों को लेकर छत पर दौड़े; मुनक नहर टूटने से बवाना के लोगों पर आई आफत

मुनक नहर टूटने से बवाना के लोगों के लिए अफत आ गई। कई लोग गहरी नींट में डूबे थे और जब उठे तो देखा की हर जगह पानी ही पानी है। वहीं कुछ बच्चों और बुजुर्गों को लेकर छतों की ओर दौड़े।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 12 July 2024 12:09 AM
share Share

बवाना की जेजे कॉलोनी में बुधवार रात लोग सो रहे थे, लेकिन सुबह होने से पहले ही नहर टूटने की घटना आफत बनकर आ गई। गहरी नींद में सोए लोग जागे तो चारों ओर पानी ही पानी था। कॉलोनी ने किसी बड़ी झील का रूप ले लिया था। स्थानीय लोगों ने ऐसा मंजर देखा तो होश उड़ गए। सारा सामान छोड़ बच्चों और बुजुर्गों को लेकर घर की छतों की ओर दौड़े। वहां देखा तो कॉलोनी में भगदड़ और शोर मचा था। हर व्यक्ति जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश कर रहा था।

बिस्तर पर पानी पहुंचा तो आंख खुली 

जेजे कॉलोनी निवासी पुनीत ने बताया कि बुधवार रात परिवार के कुछ सदस्य मकान के भूतल और कुछ पहली मंजिल पर सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे पानी बेड के ऊपर तक पहुंच गया। आंख खुली तो पाया कि चारों ओर पानी भरा था। बाहर से तेजी से पानी आ रहा था। बारिश भी नहीं हो रही थी। समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है और पानी कहां से आ रहा है।

सामान बर्बाद हुआ, बच्चे भूखे रहे 

एल ब्लॉक निवासी दीप्ति ने बताया कि वह बच्चों के साथ मकान की पहली मंजिल पर सोयी हुई थीं। रात करीब ढाई बजे उनकी सहेली ने मामले की जानकारी दी। वह बच्चों को लेकर ऊंचाई वाले स्थान पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि भूतल पर रखा फर्नीचर और रसोई का सामान भी बर्बाद हो गया।

चारों ओर पानी था, छत पर बैठकर काटनी पड़ी रात

के-ब्लॉक निवासी लक्ष्मी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सो रही थी। कॉलोनी में शोरशराबा होने से आंख खुली तो चारों तरफ पानी ही पानी था। ऐसा लग रहा था कि मकान में ही फंस जाएंगे। हिम्मत करके बच्चों को लेकर घर से बाहर निकली। पड़ोसियों के घर के पास ऊंचे क्षेत्र पर आकर बैठ गए। पूरी रात जागकर काटी है।

कई वीडियो बनाकर भेजे फिर भी कोई नहीं चेता

स्थानीय निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि अचानक कॉलोनी में पानी आना शुरू हो गया था। मेरे ब्लॉक में पानी नहीं पहुंचा था, लेकिन लोगों की मदद के लिए पहुंच गए थे। कॉलोनी के व्हाट्सऐप ग्रुप पर कुछ लोगों ने कई दिन पहले नहर से पानी रिसने के वीडियो डाले थे। इसकी सूचना पर भी सिंचाई विभाग या जल बोर्ड ने कदम नहीं लिया और हादसा हो गया।

लोगों का दावा- रिसाव के कारण समस्या सामने आई

स्थानीय लोगों का दावा है कि कई दिन से नहर की दीवार से रिसाव हो रहा था। इसकी खबर अधिकारियों को भी दी गई थी। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी साझा किए गए, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया और रिसाव ने बड़ा रूप धारण कर लिया। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अब भी कई जगह दीवार बेहद कमजोर है।

दिल्ली में पानी आपूर्ति का मुख्य स्रोत है मुनक नहर

दिल्ली में पानी की जरूरत पूरा करने में मुनक नगर की अहम भूमिका है। करीब 102 किलोमीटर लंबी यह नहर हरियाणा के करनाल के मुनक रेगुलेटर में यमुना से पानी पहुंचाती है। नहर से दिल्ली के सात छोटे-बड़े जल संयंत्रों को कच्चा पानी मिलता है, जिसे पीने योग्य बनाकर आपूर्ति के लिए तैयार किया जाता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें