Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़digvijay singh allegations on manoj tiwari delhi north east seat candidate

मनोज तिवारी बूथ में कर रहे थे बोगस वोटिंग, वीडियो के साथ दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप

दिल्ली में मतदान के चार दिन बाद कांग्रेस पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने नॉर्थ ईस्ट सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी पर बोगस वोटिंग का आरोप लगाया है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 29 May 2024 06:05 AM
share Share

दिल्ली में मतदान के चार दिन बाद कांग्रेस पार्टी ने मनोज तिवारी पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नॉर्थ ईस्ट सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी पर बोगस वोटिंग का आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें लोग एक बूथ के बाहर हंगामा करते हुए दिख रहे हैं और आरोप लगाते हैं कि मनोज तिवारी बूथ के अंदर बोगस वोटिंग कर रहे हैं। 

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'यह वीडियो नॉर्थ ईस्ट दिल्ली का है जहां मनोज तिवारी पुलिस सुरक्षा में अपनी टीम के साथ पोलिंग बूथ के अंदर हैं, जब वोटिंग चल रही थी। जाहिर तौर पर बोगस वोटिंग कर रहे हैं। जब संघी लोकतंत्र की हत्या कर रहे थे तो मेन गेट बंद था। क्या चुनाव आयोग इसका संज्ञान लेकर चुनाव आयोग पर्यवेक्षक और बूथ के पीठासीन अधिकारी से रिपोर्ट मांगेगा। जब वोटिंग चल रही थी तो बूथ के गेट को बंद करने की वजह क्या थी?'

खबर लिखे जाने तक मनोज तिवारी की तरफ से आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। दिग्विजय सिंह ने जो वीडियो जारी किया है उसमें एक बूथ के बाहर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता हंगामा करते हुए दिख रहे हैं। वह शोर मचाते हुए कहते हैं कि मनोज तिवारी अंदर बोगस वोटिंग कर रहे हैं। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी और फिर मनोज तिवारी गेट से बाहर आते हैं। इस दौरान मनोज तिवारी के खिलाफ नारेबाजी की जाती है और धक्का मुक्की भी कोशिश की गई। 

नॉर्थ ईस्ट सीट पर मनोज तिवारी का मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार कन्हैया कुमार से है। दिल्ली की सभी सात सीटों पर 25 मई को वोटिंग हुई और 4 जून को वोटों की गिनती की जाएगी। मनोज तिवारी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट से लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं और उनकी कोशिश इस बार हैट्रिक लगाने की है। वहीं, बिहार से ही आने वाले कन्हैया कुमार का दावा है कि इस सीट इंडिया गठबंधन को जीत मिलेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें