Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi weather updates karwa chauth imd forecast clouds temperature fog ncr mausam

Delhi-NCR Weather: दिल्ली में करवा चौथ पर दिखेगा चांद? एनसीआर के मौसम पर पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

दिल्ली एनसीआर में एक हफ्ते तक हुई बारिश का सिलसिला थम चुका है। इसके साथ ही सुबह-सुबह हल्की धुंध दिख रही है। इसी बाच आज करवा चौथ का व्रत है। मौसम विभाग के अनुसार आंशिक बादल छाए रहेंगे।

Sneha Baluni लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 13 Oct 2022 02:49 AM
share Share

दिल्ली-एनसीआर में एक हफ्ते तक बारिश के बाद अब सुबह-सुबह आसमान कोहरे की चादर में लिपटा हुआ दिखता है। मौसम विभाग की मानें तो कम से कम एक महीने पूर्व कोहरे ने दस्तक दी है। हालांकि यह ज्यादा दिन नहीं रहेगा। वहीं आज आसमान साफ है और हल्की धूप भी निकल आई है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच गुरुवार को देशभर की महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा हुआ है। चांद के देखने के बाद ही उनका व्रत संपन्न होगा। मौसम के साफ रहने की वजह से माना जा रहा है कि सुहागिनों को चांद दिखने में कोई परेशानी नहीं होगी।

आंशिक बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है। विभाग की मानें तो अब अगले एक हफ्ते तक बारिश के आसार नहीं हैं। शुक्रवार से मौसम साफ रहेगा। इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर के तापमान में भी इजाफा हो सकता है। इसके बाद फिर पारा गिरने लगेगा। वहीं बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 20.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से 3 कम 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

साफ दिखेगा करवा चौथ का चांद

मौसम विभाग का अनुमान है कि एकाध दिन बादल छाए रहेंगे। मगर, इसके बाद मौसम साफ रहेगा। हालांकि, करवाचौथ पर सुहागिनों को चांद के दीदार के लिए इंतजार नहीं करना होगा। आसमान साफ रहने के चलते समय से चांद निकलने की संभावना है।

सीजन का पहला कोहरा

दिल्ली में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा और कुछ हिस्सों में दृश्यता घटकर 350 मीटर तक हो गई। मौसम विभाग  के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि दिल्ली इस मौसम में पहली बार कोहरे की गवाह बनी। उन्होंने बताया कि राजधानी में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। आईएमडी के एक अधिकारी ने पहले कहा था कि लंबे समय तक बारिश के कारण भारी धुंध थी, जिससे हवा में नमी का स्तर बढ़ गया।

छह दिन भिगोने के बाद विदा हुए बादल

दिल्ली को छह दिन तक लगातार भिगोने के बाद बादल अब विदा हो गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच-छह दिनों के बीच मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का अहसास बढ़ेगा। यूं तो राजधानी दिल्ली से 30 सितंबर को ही औपचारिक तौर पर मानसूनी बादल विदा हो गए थे। लेकिन, बंगाल की खाड़ी में बने कम हवा के दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के सम्मिलन के चलते पांच दिनों तक लगातार हल्की, मध्यम और भारी बारिश हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें