Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़congress announced lok sabha candidates for three seats in delhi kanhaiya kumar from north east delhi

दिल्ली की 3 सीटों के लिए कांग्रेस की लिस्ट, कन्हैया कुमार और उदित राज को टिकट, किसे कहां से मौका?

कांग्रेस ने दिल्ली की तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। कन्हैया कुमार को उत्तर पूर्वी दिल्ली से, जेपी अग्रवाल को चांदनी चौक से जबकि उदित राज को उत्तर पश्चिम दिल्ली से टिकट मिला है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 14 April 2024 04:12 PM
share Share

कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के मनोज तिवारी को चुनौती देंगे। चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल जबकि उत्तर पश्चिम दिल्ली सुरक्षित सीट से उदित राज को टिकट दिया गया है। कन्हैया कुमार अपना दूसरा लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार के बेगुसराय से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था तब BJP नेता गिरिराज सिंह ने उन्हें हरा दिया था। 

बता दें कि आम आदमी पार्टी के साथ सीट बंटवारे के समझौते के तहत कांग्रेस सात में से केवल तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला सांसद मनोज तिवारी से होगा। मनोज तिवारी ने साल 2019 के चुनाव में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराया था। कांग्रेस ने चांदनी चौक लोकसभा सीट से जय प्रकाश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। जय प्रकाश अग्रवाल ने इस सीट से 1984, 1989 और 1996 में जीत दर्ज की थी।

उदित राज उत्तर पश्चिमी दिल्ली की आरक्षित सीट से लड़ेंगे। उन्होंने 2014 में भाजपा के टिकट पर इस सीट से जीत दर्ज की थी। दिल्ली में 25 मई को चुनाव होंगे। उदित राज का मुकाबला भाजपा के योगेंद्र चंदोलिया से होगा। भाजपा ने इस बार मौजूदा सासंद हंसराज हंस का टिकट काटकर दलित चेहरे योगेंद्र चंदोलिया को मौका दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले यह सीट कांग्रेस के पास थी। कांग्रेस की कृष्णा तीरथ ने साल 2009 में इस सीट से चुनाव जीता था। 

वहीं चांदनी चौक सीट पर पिछले दो बार से भाजपा चुनाव जीतती आ रही है। डॉ. हर्षवर्धन इस लोकसभा सीट से दो बार से जीत दर्ज करते चले आ रहे हैं। हालांकि इस बार भाजपा ने उनको टिकट नहीं दिया है। भाजपा ने इस बार प्रवीण खंडेलवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। इस बार चांदनी चौक लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रवीण खंडेलवाल के सामने कांग्रेस के अनुभवी नेता जय प्रकाश अग्रवाल होंगे। ऐसे में इस बार चांदनी चौक लोकसभा सीट पर काफी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें