Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़attack on convoy claims by kumar vishwas

कुमार विश्वास ने गाजियाबाद में हमले का किया दावा, टपकते खून के साथ डॉक्टर की अलग कहानी

मशहूर कवि कुमार विश्वास ने अपने काफिले पर हमले का दावा किया है। कुमार विश्वास ने ट्वीट किया कि अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से निकले तो हिंडन के तट पर काफिले की गाड़ी में टक्कर मारी गई।

Sudhir Jha हिन्दुस्तान, गाजियाबादWed, 8 Nov 2023 10:45 AM
share Share

मशहूर कवि कुमार विश्वास नए विवाद में घिर गए हैं। गाजियाबाद में एक डॉक्टर ने उनके सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने चेहरे से टपकते खून को दिखाते हुए बताया कि कार को साइड नहीं देने की वजह से उन्हें पीटा गया। एडिशनल सीपी के नेतृत्व में गाजियाबाद पुलिस ने जांच शुरू की है। फिलहाल पुलिस कुछ भी आधिकारिक रूप से बताने से बच रही है।

कुमार विश्वास ने कहा कि गाजियाबाद में हिंडन किनारे उनके काफिले पर हमला किया गया। कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी देते हुए कहा कि काफिले की गाड़ी पर दोनों ओर से टक्कर मारने के बाद उसमें सवार लोगों ने सुरक्षाकर्मियों से मारपीट भी की। लेकिन कुछ देर बाद ही दूसरा पक्ष भी सामने आ गया। डॉक्टर पल्लव वाजपेयी ने खुद को पीड़ित बताते हुए कहा कि उनके साथ मारपीट की गई है। उनके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। 4 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ सुरक्षाकर्मी सड़क किनारे किसी को पीटते दिख रहे हैं।

घटना के बाद मौके पर करीब आधे घंटे तक रुके रहे डॉक्टर ने मीडियाकर्मियों को अपनी चोटें दिखाईं।उनके चहरे और हाथ में खून के निशान दिख रहे हैं। डॉक्टर ने कहा, 'पुलिस की गाड़ी आई। उसने हाथ दिया ओवरटेक करने के लिए तो मैंने जाने का रास्ता दिया। फिर मैं पीछे आया तो उसके पीछे एक और काली गाड़ी थी। वह बहस करने लगा कि आपको गाड़ी चलानी नहीं आती। पहले बहस करता रहा फिर मेरे साथ हाथापाई की, मारपीट की।'  

कुमार विश्वास ने क्या कहा?
कुमार विश्वास ने हमले का दावा करते हुए ट्वीट किया, 'आज अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से जब निकला तो हिंडन के तट पर, किसी कार चालक ने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की कार पर दोनों ओर से कार की टक्कर से हमला करने की कोशिश की। जब नीचे उतर कर सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका तो उसने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही बल्कि केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया। पुलिस को रिपोर्ट कर दी है। कारण पता नहीं चल पाया। ईश्वर सब को सुरक्षित रखे। आप सबकी शुभकामनाओं हेतु आभार।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें