Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Parts of national capital Delhi witness light rainfall temperature dropped

दिल्ली में पड़ रही तेज गर्मी के बीच शुक्रवार को अचानक बदला मौसम, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

  • शहर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री ज्यादा है। इससे एक दिन पहले ही फरवरी में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान का 74 साल का रिकॉर्ड टूटा था।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 28 Feb 2025 09:20 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में पड़ रही तेज गर्मी के बीच शुक्रवार को अचानक बदला मौसम, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच लोगों को शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली। इस दौरान मौसम ने सुबह करवट बदली और आसमान में बादल छा गए, जो कि दिनभर छाए रहे। इसके बाद रात होते-होते मौसम में एकबार फिर परिवर्तन हुआ और कई इलाकों में हल्की बारिश होने लगी। इस दौरान शहर के इंडिया गेट, नॉर्थ ब्लॉक-साउथ ब्लॉक, अकबर रोड, खान मार्केट और कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में पानी गिरा। नोएडा में भी बूंदाबांदी हुई। जिसके चलते वातावरण में अचानक ठंडक आ गई और कई लोग इस बदलाव का मजा लेते दिखे।

इससे पहले शहर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही दिनभर बादल छाए रहने और गरज के साथ बौछारें पड़ने एवं बारिश होने की संभावना जता दी थी। जो कि रात होते-होते सच साबित हुई। जिसके चलते आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

नूंह में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि

उधर हरियाणा के नूंह जिले में भी शुक्रवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश और ओलों की मार से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। इस दौरान गेहूं और सरसों की फसल को भारी क्षति की आशंका है। फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में सरसों और गेहूं की फसल पकने के कगार पर होती है। शुक्रवार रात हुई ओलावृष्टि के कारण ये फसलें झुक गई हैं और कई जगहों पर खेतों में पानी भर गया है। जिससे किसानों ने फसल उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका जताई है। गांव बिछोर, पिनगवां, तावडू और फिरोजपुर झिरका के किसानों का कहना है कि वे पहले से ही मौसम की मार झेल रहे थे, अब इस ओलावृष्टि से उन्हें और भी बड़ा झटका लगा है।

एक दिन पहले टूटा था फरवरी में गर्मी का 74 साल का रिकॉर्ड

भले ही शुक्रवार को दिल्ली में बारिश की वजह से तापमान में कमी आ गई हो, लेकिन एक दिन पहले तक दिल्ली में जोरदार गर्मी पड़ रही थी। शहर में तपिश का आलम यह था कि फरवरी में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान के मामले में बीते 74 साल का रिकॉर्ड टूट गया था। इस दौरान गुरुवार को सफदरजंग इलाके में 19.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो कि साल 1951 के बाद से लेकर अबतक इस महीने में दर्ज किया गया सबसे अधिक न्यूनतम तापमान था।

शहर में इस महीने पड़ी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को बताया कि '27 फरवरी 2025 को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 1951 और 2025 के बीच सफदरजंग में फरवरी में दर्ज किया गया अबतक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।'

इससे पहले अबतक फरवरी महीने में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 25 फरवरी, 2015 को बना था, तब न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि अब यह दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।

वहीं दिल्ली में बीते 74 सालों के दौरान अलग-अलग समय पर दर्ज 5 सबसे अधिक न्यूनतम तापमान की बात करें तो साल 1973 में 18.6 डिग्री सेल्सियस, 20 फरवरी 2015 में 18.5 डिग्री सेल्सियस, 1992 में 18.2 डिग्री सेल्सियस और 1988 में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें