आनुवांशिक बीमारियों की जांच के लिए अभियान चलेगा
नोएडा के बाल चिकित्सालय विवाह और गर्भधारण से पहले आनुवांशिक बीमारियों की जांच के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत जच्चा-बच्चा अस्पताल और विवाह पंजीकरण स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे...

विवाह और गर्भधारण से पहले यह जांच होगी बाल चिकित्सालय इस बारे में जागरूक करेगा
नोएडा, प्रमुख संवाददाता। बाल चिकित्सालय विवाह और गर्भधारण से पहले आनुवांशिक बीमारियों की जांच के लिए अभियान चलाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन से मिलकर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि आनुवांशिक बीमारी होने की स्थिति में इलाज समेत अन्य विकल्प तलाशे जा सकें। फरवरी दुर्लभ बीमारियों के प्रति जागरूकता माह के रूप में जाना जाता है।
बाल चिकित्सालय एवं स्नातकोत्तर संस्थान के निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि विवाह या गर्भधारण से पहले आनुवांशिक बीमारी की जांच से बच्चों को आनुवांशिक बीमारियों से बचाया जा सकता है। संयुक्त अरब अमीरात ने विवाह से पूर्व आनुवांशिक बीमारी की जांच को अनिवार्य कर दिया है। बाल चिकित्सालय भी इस तरह की जांच के लिए जोड़ों को प्रेरित करेगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी है, जिसके तहत जच्चा-बच्चा अस्पताल, विवाह पंजीकरण समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता के लिए पोस्टर समेत अन्य कार्यक्रम के आयोजन किया जाएगा। इसके परामर्श के लिए अस्पताल में आनुवांशिक रोग की ओपीडी भी चलती है, जहां इसके बारे में परामर्श लिया जा सकेगा। इससे बच्चों को आनुवांशिक बीमारियों से बचाव सहित अन्य विकल्प तलाशे जा सकेंगे। अस्पताल में पहले से थैलेसीमिया की जांच चल रही है। इस साल से स्पाइनल मस्कूलर एट्रोफी की भी जांच शुरू होगी। आनुवांशिक रोग विभाग के डॉ. मयंक निलय ने बताया कि विवाह से पहले और गर्भधारण से पहले आनुवांशिक रोगों से संबंधित जांच से काफी फायदा होगा। इससे होने वाले बच्चे का इलाज सहित अन्य पहलुओं के बारे में पहले ही जानकारी हो जाएगी। जिससे आनुवांशिक विकारों को खत्म किया जा सकता है। विकल्प भी देख सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।