Hindi Newsएनसीआर न्यूज़noida flat registry in three more projects in noida

नोएडा की 3 और सोसाइटीज में फ्लैट की रिजस्ट्री का रास्ता हो गया साफ

ओखला पक्षी विहार के 10 किलोमीटर दायरे में आने वाली तीन और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं को जीरो पीरियड का लाभ दिया गया। जीरो पीरियड का लाभ दिए जाने से बिल्डर पर बकाया कम हो जाएगा।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नोएडाMon, 24 Feb 2025 09:35 AM
share Share
Follow Us on
नोएडा की 3 और सोसाइटीज में फ्लैट की रिजस्ट्री का रास्ता हो गया साफ

ओखला पक्षी विहार के 10 किलोमीटर दायरे में आने वाली तीन और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं को जीरो पीरियड का लाभ दिया गया। जीरो पीरियड का लाभ दिए जाने से बिल्डर पर बकाया कम हो जाएगा। इससे वह प्राधिकरण का बकाया दे सकेगा। इससे करीब 1200 फ्लैट की रजिस्ट्री हो सकेगी। इससे पहले एक परियोजना को जीरो पीरियड का फायदा बिल्डर को दे चुका है।

फ्लैट खरीदारों को कब्जा दिलाने व रजिस्ट्री के लिए अमिताभकांत समिति की सिफारिश पर एक पैकेज शासन ने करीब सवा साल पहले लागू किया था। इसमें बिल्डरों को कोविड काल के दौरान का दो साल का जीरो पीरियड का फायदा दिया जा रहा है। इसी में एक बिंदु यह भी था कि जो इस पैकेज पर सहमति देते हुए बकाया जमा करेंगे उन्हें एनजीटी के आदेश से संबंधित काम बंद होने के दौरान का भी जीरो पीरियड का भी फायदा दिया जाएगा। इस मामले में इस महीने के शुरूआत से प्राधिकरण ने जीरो पीरियड का फायदा देना शुरू किया था।

ये भी पढ़ें:ग्रेटर नोएडा, नोएडा से फरीदाबाद जाना होगा आसान, मार्च से शुरू हो जाएगा यह पुल

शुरुआत में एक परियोजना को फायदा दिया गया। अब तीन और बिल्डर परियोजना को प्राधिकरण ने जीरो पीरियड का फायदा देने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि जिन तीन परियोजनाओं को फायदा दिया गया है, उनमें सेक्टर-78 स्थित महागुन मजारिया, सेक्टर-45 प्रतीक स्टाईलोन व प्रतीक समूह की सेक्टर-108 की एक और परियोजना शामिल है। एनजीटी का यह लाभ तभी प्रभावी होगा, जब प्राधिकरण की तरफ से नए सिरे से तैयार किए गए बकाये को जमा कर देंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जल्द संबंधित परियोजनाओं को इस बारे में पत्र जारी कर दिया जाएगा। इससे पहले सेक्टर-108 स्थित लॉरिएट बिल्डवैल परियोजना को जीरो पीरियड का फायदा दिया जा चुका है। इसमें 327 फ्लैट की रजिस्ट्री अटकी हुई है। निर्माण कार्य रखने पर नोएडा प्राधिकरण ने उस दौरान संबंधित परियोजनाओं को 77 दिन के जीरो पीरियड का लाभ दे दिया था लेकिन बिल्डर दो साल का समय मांग रहे थे। अब यह जीरो पीरियड का फायदा 14 अगस्त 2013 से 19 अगस्त 2015 तक का देना शुरू किया गया है।

36 परियोजनाओं के काम पर पड़ा था असर

ओखला पक्षी विहार के दायरे में आने वाली करीब 36 परियोजनाओं का काम प्रभावित हुआ था। अभी करीब 12 परियोजनाओं के बिल्डर ने जीरो पीरियड का लाभ लेने के लिए आवेदन कर रखा है। प्राधिकरण इनके बकाये की गणना कर रहा है।

2013 में हुआ था काम बंद

वर्ष 2013 में एनजीटी के आदेश पर ओखला पक्षी विहार के दस किलोमीटर दायरे में काम बंद हुआ था। पक्षी विहार को नुकसान की आशंका को देखते हुए यह काम बंद रखा गया था। बाद में छूट दे दी गई थी। इस दौरान काम बंद रहने की एवज में प्राधिकरण ने वर्ष 2016 में एक बार 77 दिन का जीरो पीरियड का लाभ दिया था। अब 77 दिन घटाकर दो साल के जीरो पीरियड का फायदा दिया जा रहा है।

जीरो पीरियड का लाभ

प्राधिकरण कोविड काल के दौरान का अप्रैल 2020 से लेकर मार्च 2022 तक के दौरान का जीरो पीरियड का फायदा हर बिल्डर परियोजना को दे रहा है। इससे बिल्डरों पर बकाया राशि कम हो जाएगी। शर्त के तौर पर यह फायदा उन्हीं परियोजना के बिल्डर को दिया जा रहा है, जो कुल बकाये में से 25 प्रतिशत राशि जमा कर रहा है और उसे पूरा पैसा एक से दो साल के अंदर जमा करना होगा।

अगला लेखऐप पर पढ़ें