Hindi Newsएनसीआर न्यूज़NHAI will build 16 KM connecting road to link Raya Heritage City to Yamuna Expressway

राया हेरिटेज सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्लान, NHAI बनाएगा 16 KM लंबा कनेक्टिंग रोड

राया हेरिटेज सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनने वाली सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। यमुना प्राधिकरण सड़क के लिए जमीन की खरीदारी करेगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा। हिन्दुस्तानTue, 25 Feb 2025 05:49 AM
share Share
Follow Us on
राया हेरिटेज सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्लान, NHAI बनाएगा 16 KM लंबा कनेक्टिंग रोड

राया हेरिटेज सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनने वाली सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। यमुना प्राधिकरण सड़क के लिए जमीन की खरीदारी करेगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय में हेरिटेज सिटी के खाका पर बैठक हुई थी, जिसमें ब्रज तीर्थ विकास परिषद और यमुना प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी शामिल हुए थे। बैठक में चार बिंदुओं पर चर्चा हुई। मई 2025 तक हेरिटेज को विकसित करने के लिए कंपनी के चयन की तैयारी हो रही है। कंसेशन एग्रीमेंट के बाद 90 दिन के अंदर कंपनी को निर्माण शुरू करना होगा।

हेरिटेज सिटी प्रोजेक्ट को तीन हजार एकड़ में 10 वर्षों में पूरा किया जाएगा। इसके अंतर्गत 12 गांव आ रहे हैं। प्रथम चरण 735 एकड़ में परियोजना विकसित होगी। यमुना एक्सप्रेसवे को हेरिटेज सिटी से जोड़ने के लिए 16.25 किलोमीटर लंबी सड़क बननी है। सड़क के लिए जमीन का इंतजाम यमुना प्राधिकरण करेगा।

बांके बिहारी के दर्शन करने जाने वालों की सुविधा के लिए 12 हेक्टेयर में ओपन पार्किंग बनेगी। यीडा पार्किंग तैयार कर ब्रज विकास प्राधिकरण को सौंपेगा। अब पार्किंग में फूड कोर्ट समेत अन्य खान-पान संबंधी सुविधाएं विकसित नहीं होंगी।

श्रीकृष्ण और राधा की प्रतिमा लगेगी

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए जीरो पॉइंट से 101 किलोमीटर पर 6.9 किलोमीटर लंबा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाना है, जो प्रथम चरण में छह लेन का होगा। इस एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर श्रीकृष्ण और राधा की भव्य प्रतिमा लगेगी। वृंदावन और मथुरा जाने वाले लोग दूर से ही श्रीकृष्ण और राधा के दर्शन कर सकेंगे। प्रतिमा की ऊंचाई और अन्य पैरामीटर अभी तय नहीं हुए हैं। इस बारे में जल्द फैसला होगा।

एनएच-44 तक की राह आसान होगी

हेरिटेज सिटी के प्लान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 मथुरा और आगरा से होकर गुजर रहा है। इसे हेरिटेज सिटी से जोड़ने का प्लान है। वहीं, इसको यमुना एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। ऐसे में दोनों एक्सप्रेसवे की आपस में कनेक्टिविटी हो जाएगी। दोनों एक्सप्रेसवे के जुड़ने से लोगों का एनएच-44 पर श्रीनगर से कन्या कुमारी और यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा तक का सफर काफी आरामदायक हो जाएगा।

अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण ने कहा, ''राया हेरिटेज सिटी को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी चल रही है। यहां आने के लिए विभिन्न सड़क कनेक्टिविटी की संभावना तलाशी जा रही है। परियोजना को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी है।''

अगला लेखऐप पर पढ़ें