ब्यूरो:::रिपोर्ट: राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी घटी
- सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने जारी की रिपोर्ट - 18वीं लोकसभा में

- सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने जारी की रिपोर्ट - 18वीं लोकसभा में कमी का रुझान देखा गया
नंबर गेम :
- 2024 में आठ सौ महिलाएं चुनाव मैदान में उतरी, सिर्फ 74 ही निर्वाचित हुईं
- 2019 में 78 महिलाएं जीतकर संसद में पहुंची थीं
- 15 फीसदी से भी कम हुई विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या
- 9.72 फीसदी है केंद्रीय मंत्रिमंडल में महिला मंत्री
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता।
लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए संसद में 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का कानून पारित हो चुका है, लेकिन सरकारी रिपोर्ट में पाया गया कि मौजूदा समय में महिलाओं की राजनीति में हिस्सेदारी निराशाजनक है। रविवार को सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, 18वीं लोकसभा में करीब 800 महिलाएं चुनाव मैदान में उतरी थीं, लेकिन सिर्फ 74 ही चुनाव जीत सकीं। वहीं 17वीं लोकसभा में 726 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था और 78 महिलाएं जीतकर संसद में पहुंची थीं। यानी 2024 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की हिस्सेदारी घटी है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने ‘पुरुष एवं महिलाएं रिपोर्ट जारी की। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपस्थिति के आंकड़े दिए गए। इसमें पाया गया कि लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभाओं और केंद्रीय मंत्रिपरिषद में भी महिलाओं की हिस्सेदारी में कमी का रुझान देखा गया है।
सिर्फ छत्तीसगढ़ में स्थिति संतोषजनक
रिपोर्ट में कहा गया कि मौजूदा समय में महिलाओं की राजनीति में हिस्सेदारी निराशाजनक है। विधानसभाओं में कई राज्यों में महिलाओं की संख्या 15 फीसदी से भी कम है। बड़े राज्यों में सिर्फ छत्तीसगढ़ में हिस्से 21 तक पहुंची हैं, जहां 19 महिला विधायक हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में सिर्फ 12 फीसदी महिला विधायक हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में 14, आंध्र प्रदेश में 13 तथा बिहार में 11 फीसदी ही महिला विधायक हैं।
पश्चिम बंगाल से 11 सांसद
रिपोर्ट में कहा गया कि 18वीं लोकसभा सिर्फ छह राज्य ऐसे हैं, जहां 5 या इससे अधिक लोकसभा सदस्य महिलाएं हैं। इनमें पश्चिम बंगाल में 11, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में सात-सात, मध्य प्रदेश में 6 तथा बिहार और तमिलनाडु में पांच-पांच महिला सांसद निर्वाचित हुई हैं।
महिला मंत्रियों की संख्या कम हुई
रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल में महिलाओं की हिस्सेदारी भी घटी है। 72 सदस्यीय केंद्रीय मंत्रिमंडल में सिर्फ सात महिला मंत्री हैं, जो 9.72 फीसदी है। वहीं 2023 में 10 महिला मंत्री थी और प्रतिशत 13.70 फीसदी रहा था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।