Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsNew Flyover Announced for Sonia Vihar Pushhta Road to Alleviate Traffic Congestion

सोनिया विहार पुश्ता रोड पर फ्लाईओवर बनेगा

दिल्ली सरकार ने सोनिया विहार पुश्ता रोड पर छह किलोमीटर का फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है। यह सड़क नानकसर गुरुद्वारा टी प्वाइंट से यूपी बॉर्डर तक बनेगी, जिससे लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी। इस...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 4 April 2025 09:17 PM
share Share
Follow Us on
सोनिया विहार पुश्ता रोड पर फ्लाईओवर बनेगा

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की सबसे घनी आबादी वाली सोनिया विहार कॉलोनी को जोड़ने वाली सोनिया विहार पुश्ता रोड को अब जाम से राहत मिलेगी। सरकार ने यहां फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को सोनिया विहार पुश्ता रोड के निरीक्षण के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि छह किलोमीटर की एलिवेटेड रोड के बनने से लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद थे। प्रवेश वर्मा ने बताया कि सोनिया विहार पुश्ता रोड पर करीब छह किलोमीटर की एलिवेटेड रोड नानकसर गुरुद्वारा टी प्वाइंट से यूपी बॉर्डर (ट्रॉनिका सिटी) के बीच बनाई जाएगी। इसमें करीब 500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी करेगा, जबकि अनुमति सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग देगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जल्द से जल्द इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को कहा गया है।

वर्मा ने कहा कि हमारे साथी कपिल मिश्रा इस सड़क के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। एलिवेटेड रोड बनने से सोनिया विहार के निवासियों के अलावा यूपी के लोनी, बागपत से भी आवाजाही करने वालों को भी फायदा मिलेगा।

लाखों लोगों को मिलेगा फायदा

दिल्ली का उत्तर पूर्वी जिला देश का सबसे घनी आबादी वाला इलाका है। घनी आबादी वाली सोनिया विहार, श्रीराम कॉलोनी भी इसी पुश्ता रोड के आस-पास बसी है। यहां रोजाना सुबह-शाम लंबा जाम लगता है। एलिवेटेड रोड बनने से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।

विश्वास नगर विधानसभा में सड़कों का निरीक्षण

मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में भी सड़कों के हालत और सौंदर्यीकरण का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक ओपी शर्मा भी मौजूद रहे। सड़कों के किनारे अतिक्रमण मिलने पर मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए इन्हें हटाने का निर्देश दिया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें