शिवाजी महाराज के किले यूनेस्को विरासत सूची में शामिल होंगे
विश्व विरासत का दर्जा हासिल करने प्रतिनिधिमंडल पेरिस पहुंचा मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार ने

विश्व विरासत का दर्जा हासिल करने प्रतिनिधिमंडल पेरिस पहुंचा मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार ने मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को यूनेस्को विश्व विरासत स्थल का दर्जा दिलाने की पहल की है। इस मांग को लेकर महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल फ्रांस के पेरिस में है। एक अधिकारी ने यह रविवार को जानकारी दी।
संस्कृति मंत्री शेलार के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार ने भारत का मराठा सैन्य परिदृश्य विषय के अंतर्गत यूनेस्को को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। इसमें 12 किलों को विश्व विरासत सूची में शामिल करने की मांग की गई है।
आशीष शेलार ने बताया कि प्रस्ताव में रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, पन्हाला, शिवनेरी, लोहागढ़, सालहेर, सिंधुदुर्ग, सुवर्णदुर्ग, विजयदुर्ग, खंडेरी और तमिलनाडु में जिंजी के किले को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को दर्जा के लिए राज्य का पक्ष रखने को लेकर शनिवार को पेरिस रवाना हुआ।
शेलार ने महाराष्ट्र के प्रस्ताव को यूनेस्को को भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति तथा वैश्विक मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी देने के लिए सीएम फडणवीस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “अगर यूनेस्को इन किलों को विश्व विरासत स्थल का दर्जा देता है, तो इससे बेहतर संरक्षण और पर्यटन के विकास के रास्ते खुलेंगे। इससे महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।