वर्ष 2031 तक अधिकतम संख्या में अहम खनिज ब्लॉक की नीलामी करना लक्ष्य: मंत्री
सरकार ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन की सफलता के लिए उद्योग से सहयोग मांगा है। केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि 2031 तक अधिकतम खनिज ब्लॉकों की नीलामी का लक्ष्य है। उन्होंने फिक्की में...

नई दिल्ली, एजेंसी। सरकार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन की सफलता के लिए उद्योग की भागीदारी तथा समर्थन मांगा। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2031 तक अधिकतम संख्या में महत्वपूर्ण ब्लॉक की नीलामी करना है। केंद्रीय मंत्री दूबे ने भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के महत्वपूर्ण खनिज मिशन विषय पर आयोजित कार्यक्रम में देश के महत्वपूर्ण खनिजों में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव हो सकता है जब सरकार और उद्योग दोनों एक साथ मिलकर काम करें।
कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने फिक्की के महत्वपूर्ण खनिज मिशन को संबोधित करते हुए कहा, मैं आप सभी से इस मिशन में भाग लेने का अनुरोध करता हूं ताकि यह सफल हो सके। उन्होंने कहा कि 24 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी पहले ही की जा चुकी है। मंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य 2031 तक अधिकतम संख्या में महत्वपूर्ण ब्लॉक की नीलामी करना है और यह आपके समर्थन के बिना संभव नहीं है।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने 16,300 करोड़ रुपये के राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी थी, जिसके लिए सात वर्ष में 34,300 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय की परिकल्पना की गई है। इसका मकसद हरित ऊर्जा बदलाव की दिशा में भारत की यात्रा में तेजी लाना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।