सीमावर्ती राज्यों के यात्री घटे, आधी बसें ही चलीं
भारत-पाकिस्तान के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलीबारी के कारण लोग यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं। इसके चलते दिल्ली के अंतरराज्यीय बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। कश्मीरी गेट,...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। भारत-पाकिस्तान के बीच सीमावर्ती इलाकों में हो रही लगातार गोलीबारी के कारण लोग वहां जाने से परहेज कर रहे हैं। इसका असर शुक्रवार को राजधानी के सभी अंतरराज्यीय बस अड्डों पर दिखा। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान जाने वाली बसों को यात्री ही नहीं मिल रहे थे। इस कारण कश्मीरी गेट, आनंद विहार और सराय काले खां बस अड्डे से इन प्रदेशों को जाने वाली बसों में से आधी से भी कम का परिचालन किया गया। निजी बस संचालकों के अनुसार कश्मीरी गेट बस अड्डे से रोजाना 12 घंटे के दौरान लगभग दो हजार बसें चलती हैं। इनमें करीब 1300 बसें सरकारी और 700 निजी ऑपरेटरों की होती हैं।
बीते दो दिनों में भारत-पाकिस्तान में तनाव बढ़ने के बाद यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। इस कारण कई बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। निजी बस ऑपरेटर कंपनी के प्रतिनिधि भारत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 7 से शाम 5 बजे के दौरान अंतरराज्यीय बसों की संख्या 705 थी। वहीं, इस दौरान सिर्फ 211 निजी बसें ही चलीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।