Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsGoa Court Sentences Local Man to Life Imprisonment for Rape and Murder of Irish-British Woman

गोवा : विदेशी महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले को आजीवन कारावास

गोवा की अदालत ने एक स्थानीय निवासी को एक विदेशी महिला डेनियल मैकलॉघिन के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आरोपी विकट भगत ने 2017 में डेनियल की हत्या की थी, जिसका शव एक वन...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 17 Feb 2025 01:52 PM
share Share
Follow Us on
गोवा : विदेशी महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले को आजीवन कारावास

पणजी, एजेंसी। गोवा की अदालत ने विदेशी महिला से दुष्कर्म और हत्या मामले में दोषी एक स्थानीय निवासी को सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आठ वर्ष पूर्व आरोपी विकट भगत ने आयरलैंड-ब्रिटेन की नागरिक डेनियल मैकलॉघिन से दोस्ती का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया था। डेनियल मैकलॉघिन ने जब इसका विरोध किया तो उसने उसकी हत्या कर दी और शव को एक वन क्षेत्र में फेंक दिया।

अदालत ने शुक्रवार को आरोपी विकट भगत को 28 वर्षीय डेनियल मैकलॉघिन से दुष्कर्म और हत्या के जुर्म में दोषी ठहराया था। विदेशी नागरिक का शव 14 मार्च 2017 को दक्षिण गोवा के कैनाकोना गांव के एक वन क्षेत्र में मिला था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश क्षमा जोशी ने सोमवार को भगत को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई और दुष्कर्म तथा हत्या के लिए 25 हजार रुपये और सबूत नष्ट करने के लिए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पीड़िता की मां एंड्रिया ब्रैनिगन की तरफ से पैरवी कर रहे वकील विक्रम वर्मा ने कहा कि अदालत ने दोषी को सबूत नष्ट करने के लिए दो साल की कैद की सजा सुनाई और निर्देश दिया कि दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी।

पीड़िता के परिवार ने जारी किया बयान

पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने अपने प्रतिनिधि के जरिए मीडिया में एक बयान भी जारी किया। इसमें कहा गया, हम डेनियल के परिवार और दोस्त के तौर पर न्याय के लिए हमारी लड़ाई में शामिल सभी लोगों के बहुत आभारी हैं। लोगों ने पीड़िता को अपनी बेटी माना है और उसके लिए अथक संघर्ष किया। परिवार ने कहा कि वे आभारी हैं कि उनका संघर्ष रंग लाया और डेनियल को हमसे छीनने के लिए भगत को दोषी ठहराया गया।

पत्थर से वार कर की थी हत्या

आरोपपत्र के अनुसार, नॉर्थवेस्ट आयरलैंड के डोनेगल की रहने वाली मैकलॉघिन मार्च 2017 में गोवा घूमने आई थी, तभी भगत ने उससे दोस्ती की। लेकिन एक दिन भगत ने उससे दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। मैकलॉघिन पर उसने पत्थर से वार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। खून से लथपथ उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में बरामद किया गया और सिर तथा चेहरे पर चोट के निशान भी थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें