मणिपुर में पांच उग्रवादी और एक समर्थक गिरफ्तार
मणिपुर में पिछले दो दिनों में सुरक्षा बलों ने तीन प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादियों और एक समर्थक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और पीपुल्स...

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर में पिछले दो दिनों में प्रतिबंधित तीन संगठनों के पांच उग्रवादियों और एक समर्थक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां इंफाल पूर्व और पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों से की गई हैं।
प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सक्रिय सदस्य की पहचान 26 वर्षीय वैखोम इबुंगो मेइती के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने सोमवार को बिष्णुपुर जिले के लेइमाराम नहर क्षेत्र से पीएलए के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान 40 वर्षीय थोकचोम अजीत सिंह के रूप में हुई है। पीपुल्स रिवोल्यूशनरी फ्रंट आफ कांगलीपाक (पीआरईपीएके पीआरओ) संगठन से जुड़े 36 वर्षीय सलाम सितोलजीत सिंह को मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के उरीपोक खुमानथेम लेइकाई से पकड़ा गया। सुरक्षा बलों ने उसी दिन बिष्णुपुर जिले के ओक्सहोंगबंग इलाके से पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक अन्य सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान 24 वर्षीय थोकचोम सनाथोई सिंह के रूप में हुई। काकचिंग जिले के इरुम मापल क्षेत्र से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के एक उग्रवादी 43 वर्षीय नाओरेम प्रेमकांत सिंह को भी गिरफ्तार किया। इस बीच, केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक समर्थक 50 वर्षीय रोमियो लैशराम को इंफाल पश्चिम जिले के युरेम्बम स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।