मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के आठ सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पश्चिम और पूर्वी जिले में दो प्रतिबंधित संगठनों के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग जबरन वसूली कर रहे थे। पुलिस ने कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के छह और जी5 संगठन के दो...

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्वी जिले से दो प्रतिबंधित संगठनों के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग जबरन वसूली की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने शनिवार को बताया, प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (इबुंगो नगांगोम) के छह सदस्यों को शुक्रवार को इंफाल पश्चिम की कोत्रुक माखा लेईकाई चर्च से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही इंफाल पूर्वी जिले के अचनबिगेई मानिंग लेईकाई से जी5 संगठन के भी दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। उन पर सेकमाई, इरिलबंग, कोइरेंगेई और पटसोई इलाकों में रेत से लदे ट्रकों से जबरन वसूली करने का आरोप है। वे सेकमाई इलाके में ट्रक चालकों से चाबियां छीनने की घटनाओं में भी कथित तौर पर शामिल थे।
12 हथियार और विस्फोटक बरामद
एक अन्य अधिकारी ने बताया, सुरक्षाबलों ने काकचिंग वैरी इलाके से 12 हथियार बरामद किए और उन्हें काकचिंग पुलिस थाने को सौंपा। टेंग्नौपाल जिले में एक अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने डेटोनेटर के साथ 22 किलोग्राम वजन के दो अत्याधुनिक विस्फोटक उपकरण, सात किलोग्राम का एक आईईडी, डेटोनेटर के साथ छह किलोग्राम का एक बम और चार किलोग्राम का एक बम बरामद किया। आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।