भाजपा दिल्ली में पानी की किल्लत पैदा कर रही : केजरीवाल
-पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, हरियाणा सरकार यमुना में फैक्टरियों का प्रदूषित पानी छोड़ रही

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। यमुना नदी में अमोनिया का स्तर बढ़ने से दिल्ली सरकार के तीन वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्र बंद होने के कगार पर हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को इसके लिए भाजपा की हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यमुना में फैक्टरियों का जहरीला पानी छोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पानी की किल्लत पैदा करना भाजपा की चुनाव में हो रही हार की बौखलाहट है। मैंने और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में पीने के पानी का अहम स्त्रोत यमुना नदी है। यमुना में पानी हरियाणा से दिल्ली आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर (फैक्ट्रियों का प्रदूषित पानी) मिला दिया है। हालांकि, जल बोर्ड उस पानी को दिल्ली आने से रोकने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बीते कुछ दिनों में यह स्तर इतना बढ़ गया है कि जल उपचार संयंत्रों द्वारा इसे शोधित भी नहीं किया जा सकता है। इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की किल्लत पैदा हो रही है।
दिल्लीवाले भाजपा से बदला लेंगे
आतिशी ने कहा कि दिल्लीवाले पांच फरवरी को भाजपा से बदला लेंगे। यमुना में अमोनिया का स्तर हर साल बढ़ता है। इसे चुनाव से जोड़ने के सवाल पर आतिशी ने कहा कि यमुना के इतिहास में पहली बार अमोनिया का स्तर 7.2 मिलीग्राम प्रति लीटर हुआ है। यह स्तर दिसंबर से जनवरी में 2-4 दिन तक रहता था। मगर इस बार 14 जनवरी से यह स्थिति बनी हुई है। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, यह बढ़ता जा रहा है। 14 जनवरी को अमोनिया का स्तर 3.3 मिलीग्राम प्रति लीटर था जो 18 जनवरी 4.1, 22 जनवरी तक 5.6, 24 जनवरी 6.4, 26 जनवरी 7.2 मिलीग्राम प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
इन इलाकों में होगा असर
सिविल लाइंस, हिंदूराव, करोल बाग, पहाड़गंज, झंडेवालान, मोतिया खान, राजेंद्र नगर, पटेल नगर, शादीपुर, वजीरपुर, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, आदर्श नगर, शकूरबस्ती, मॉडल टाउन, किग्सवें कैंप, कालकाजी, बाटला हाउस, सुखदेव विहार, कालिंदी कुंज के अलावा दिल्ली के एनडीएमसी इलाके में असर होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।