मौसम की मार : तपिश और उमस से दिल्लीवाले बेहाल
- अगले पांच दिनों में आंशिक रूप से बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में शनिवार को गर्मी, तपिश और उमस ने लोगों को बेहाल किया। गर्म हवा के थपेड़ों और ऊष्ण स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया था। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में कमी और हल्की बारिश से राहत मिलने की संभावना है। दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। आर्द्रता का अधिकतम स्तर 72 फीसदी और न्यूनतम स्तर 43 फीसदी दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान मुंगेशपुर में 43.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम राजघाट पर 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि सफदरजंग, पालम, रिज, आया नगर में 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। रविवार को हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। तेज हवाएं (गति 30-40 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं, जो गरज के साथ हवा की गति अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 40 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।