यमुना स्वच्छता अभियान से जुड़ेंगे छात्र, स्कूलों में चलेगा अभियान
- दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को लिखा पत्र

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली सरकार ने यमुना नदी के पुनर्जीवन के लिए एक बड़ी पहल की है। राजधानी के स्कूलों में सरकार ने मां यमुना स्वच्छता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसकी पहल दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने की है। उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को पत्र लिखकर इस विशेष अभियान को सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में लागू करने का आग्रह किया है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में यमुना नदी के महत्व के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छता आंदोलन से जोड़ना है। मंत्री ने कहा कि अगर यमुना को सच में पुनर्जीवित करना है तो यह एक जन आंदोलन बनाना होगा। इसमें खासकर बच्चों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बच्चे न केवल जागरूकता का संदेश फैलाएंगे बल्कि भविष्य के लिए एक संवेदनशील समाज भी तैयार करेंगे।
अभियान में यह गतिविधियां कराई जाएंगी
- निबंध लेखन प्रतियोगिता : स्वच्छ यमुना के महत्व पर
- चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिता : अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से
- भाषण, वाद-विवाद और नुक्कड़ नाटक: जल प्रदूषण और संरक्षण जैसे विषयों पर
- स्वच्छ यमुना प्रतिज्ञा और जागरुकता वॉक: व्यवहारिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए
- सांस्कृतिक कार्यक्रम : स्कूलों के वार्षिक उत्सवों में यमुना थीम पर प्रस्तुति
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।