मौसम की मार : 15 साल में दूसरी बार सबसे गर्म अप्रैल माह
दिल्ली में अप्रैल का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री ज्यादा है। अगले दो दिनों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है, और कई क्षेत्रों में अधिकतम...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। इस बार अप्रैल 15 साल में दूसरा सबसे गर्म महीना है। अप्रैल के अब तक के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री ज्यादा है। बचे हुए दिनों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ने के आसार हैं। इससे पहले मार्च का महीना भी सामान्य से लगभग ढाई डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा था। राजधानी में इस बार मौसम का रुख सामान्य से ज्यादा सख्त नजर आ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लंबे अरसे से दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में अच्छी बारिश नहीं होने के चलते मौसम में नमी की मात्रा भी बेहद कम है। सूखी और गर्म हवा के चलते लोगों को तपिश का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक बीते अप्रैल के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अप्रैल महीने में दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का औसत अधिकतम तापमान सामान्य तौर पर 36.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। इससे पहले वर्ष 2022 में अप्रैल का महीना बेहद गर्म रहा था। तब औसत तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के वर्ष 2011 से 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि बीते 15 साल में इस बार का अप्रैल महीना दूसरा सबसे गर्म अप्रैल है।
दिल्लीवालों को आज से सता सकती है लू
दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन दिल्ली में लू की स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार और शनिवार के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजधानी सात से नौ अप्रैल तक लगातार तीन दिनों तक लू की चपेट में रही थी, लेकिन बाद में मौसम में बदलाव हुआ और तापमान में हल्की गिरावट आई। अब एक बार फिर दिल्ली में लू वाले दिनों की शुरुआत होती दिख रही है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार की सुबह से ही तेज धूप निकली। इसके चलते दिन में 11 बजे के बाद ही लोगों का घर से निकलना दूभर होने लगा। दोपहर के समय लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास भी हुआ। खासतौर पर खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 60 से 13 फीसदी तक रहा।
रिज क्षेत्र में 42 डिग्री के पार रहा पारा
रिज क्षेत्र गुरुवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां स्थित मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो दिल्ली में सबसे ज्यादा है। पालम, लोधी रोड, आयानगर और पीतमपुरा मौसम केन्द्रों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा।
शनिवार के बाद तापमान में गिरावट संभावना
मौसम विभाग की तकनीकी परिभाषा के मुताबिक, अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर होने और सामान्य से साढ़े चार डिग्री ज्यादा होने पर उसे लू यानी हीट वेव की स्थिति मानी जाती है। अगले दो दिन दिल्ली में ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है। हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। इसके चलते भी लोगों को परेशानी होगी। शनिवार के बाद हल्के बादलों की आवाजाही होगी और तापमान में एक-दो डिग्री की गिरावट होगी। हालांकि, दिल्ली का तापमान सामान्य से ज्यादा ही बना रहेगा।
खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा
मौसम के तमाम कारकों की वजह से दिल्ली के लोगों को खराब हवा में भी सांस लेनी पड़ रही है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।