भाजपा का दावा- केजरीवाल के सरकारी बंगले पर हर साल 3.69 करोड़ रुपये खर्च हुए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरटीआई से मिली जानकारी का हवाला देते हुए लगाया आरोप

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली भाजपा ने आरटीआई से मिली जानकारी का हवाला देते हुए दावा किया है कि मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने पुराने सरकारी बंगले पर हर साल 3.69 करोड़ रुपये उसके रखरखाव समेत अन्य सुविधाओं पर खर्च किया। वर्ष 2015 से 2022 तक सरकारी बंगले पर कुल 29.56 करोड़ रुपये खर्च किए गए। भाजपा प्रदेशध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल नया सरकारी आवास बनाने से पहले भी आम आदमी बनकर राजसी ठाठ का जीवनयापन कर रहे थे। दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि महाराष्ट्र के एक नागरिक ने आरटीआई अर्जी लगा कर 2015 से 2022 के बीच अरविंद केजरीवाल के पुराने निवास बंगले के सामान्य टूटफूट, सीवर, बिजली के बिल, बढ़ई से जुड़े रखरखाव खर्च का ब्योरा मांगा है। इसका जवाब पिछली सरकार के कार्यकाल में 29 दिसम्बर 2023 को जवाब दिया गया। उन्होंने कहा कि उस आवेदक ने आरटीआई का जो जवाब दिल्ली भाजपा के साथ साझा किया है उसके मुताबिक 31 मार्च 2015 से 27 दिसम्बर 2022 के बीच अरविंद केजरीवाल के 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित पुराने सरकारी बंगले के रखरखाव पर कुल 29.56 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यानि हर साल साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ। यह दिखाता है कि कितने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा था। उन्होंने कहा कि उन्हें (केजरीवाल को) खुद सामने आकर बताना चाहिए, आखिर क्या ऐसा रखरखाव होता था जिसपर इतना खर्च होता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।