डीएवी संस्था व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डीएवी संस्था शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है। यह महर्षि दयानंद के सिद्धांतों पर आधारित है और विद्यार्थियों में ज्ञान, संवेदनशीलता और सामाजिक...

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता डीएवी संस्था व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। उक्त बातें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को डीएवी कॉलेज प्रबंधक समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम संकल्प से सिद्धि :नया सत्र, नई ऊर्जा में कही। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को ऊर्जा देने वाली एक ऐसी संस्था है , जो विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी कि भावना को भी उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के वैदिक सिद्धांतों व आदर्शों पर आधारित 1886 में स्थापित डीएवी संस्थान आधुनिक ज्ञान और प्राचीन वेदों का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करती है, जिसने शिक्षा को केवल अकादमिक उपलब्धि न मानकर राष्ट्र के चरित्र निर्माण का माध्यम बनाया है। यह संस्था शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण हेतु वैचारिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त रूप से संजोए हुए है। देशभर में 1000 से अधिक स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के माध्यम से 23 राज्यों में शिक्षा का दीपक जलाने वाली यह संस्थान न केवल अकादमिक उत्कृष्टता, बल्कि नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और समग्र व्यक्तित्व विकास पर भी बल देती है, जिससे विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संस्कारित नागरिक बनाने का कार्य किया जा रहा है।
इस प्रतिष्ठित संस्था से शिक्षा प्राप्त करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद से लेकर, अटल बिहारी वाजपेयी और महेंद्र सिंह धोनी जैसी विशिष्ट हस्तियों ने न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस वर्ष के बजट का 19.29 फीसदी भाग शिक्षा को आवंटित किया गया है। दिल्ली सरकार समग्र शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्पित है। हमारी सोच में शिक्षा केवल अकादमिक सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। सरकार का लक्ष्य ऐसे छात्रों का निर्माण करना है जो न केवल ज्ञान में दक्ष हों, बल्कि उत्तम चरित्र, संवेदनशील सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से भी युक्त हों।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।