Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsCongress Prepares Election Strategy at Ahmedabad Session Amidst Past Defeats

भाजपा से सीधे मुकाबले वाले राज्यों पर विशेष ध्यान देगी कांग्रेस

कांग्रेस, जो पिछले कई चुनावों में हार का सामना कर चुकी है, अहमदाबाद अधिवेशन के माध्यम से आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार करेगी। पार्टी गुजरात में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ भाजपा से मुकाबले वाले...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 27 Feb 2025 09:41 PM
share Share
Follow Us on
भाजपा से सीधे मुकाबले वाले राज्यों पर विशेष ध्यान देगी कांग्रेस

- अहमदाबाद अधिवेशन में होगी चर्चा, चुनाव रणनीति पर जोर सुहेल हामिद

नई दिल्ली। लगातार कई चुनावों में शिकस्त खा चुकी कांग्रेस अहमदाबाद अधिवेशन के जरिए खुद को आगामी चुनावों के लिए तैयार करेगी। अधिवेशन के जरिये पार्टी जहां गुजरात प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने की कोशिश करेगी, वहीं चुनावी रणनीति पर भी विचार करेगी। सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा से सीधे मुकाबले वाले राज्यों पर होने की उम्मीद है। करीब एक दर्जन राज्यों में दोनों पार्टियों में सीधा मुकाबला है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अहमदाबाद अधिवेशन में भविष्य की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। गुजरात में कांग्रेस 30 वर्षों से सत्ता से बाहर है। इन वर्षों में पार्टी कभी भी सौ सीट का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। वर्ष 2017 में पार्टी ने अपने वोट बैंक और सीट में इजाफा किया, पर 2022 के चुनाव में पार्टी को फिर शर्मनाक हार से जूझना पड़ा था। ऐसे में कांग्रेस इस बार जीत का खाका तैयार करेगी।

भारतीय जनता पार्टी से सीधे मुकाबले वाले राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है। गुजरात के अलावा असम, छत्तीसगढ़, गोवा, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा में जिन सीट पर कांग्रेस का भाजपा से सीधा मुकाबला था, उन पर पार्टी का प्रदर्शन बहुत खराब रहा है। ऐसे में अधिवेशन में सीधे मुकाबले वाली सीट पर विशेष तौर पर चर्चा होने की उम्मीद है।

अगले वर्ष सिर्फ असम में सीधी लड़ाई

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि वर्ष 2025 और 26 में 12 राज्यों में चुनाव हैं। वर्ष 2026 में पांच में सिर्फ असम में कांग्रेस और भाजपा का सीधा मुकाबला है। वहीं, 2027 में सात में चार राज्य गोवा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में दोनों पार्टियों के बीच सीधी लड़ाई है। अहमदाबाद अधिवेशन में इन राज्यों के चुनाव पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ अधिवेशन में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में भी चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें