सोनिया गांधी को जन्मदिन पर कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेताओं ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। खरगे ने उनकी सेवा और त्याग की प्रशंसा की। केसी वेणुगोपाल ने सोनिया गांधी को उनके योगदान के लिए सराहा।...

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। पार्टी नेताओं ने पूर्व अध्यक्ष को सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण तथा त्याग की मिसाल बताया। खरगे ने सोनिया गांधी के आवास, 10 जनपथ पर उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाधी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की सच्ची हिमायती, विपरीत परिस्थितियों में भी अत्यंत शालीनता, गरिमा, त्याग और साहस का परिचय देने वाली सोनिया गांधी के योगदान ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट किया, हमारे समय की प्रतिष्ठित नेता, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर उनको मेरी शुभकामनाएं और हार्दिक सम्मान। उन्होंने लिखा, सोनिया गांधी ने कई त्याग किए और भारत के विकास के लिए अद्वितीय योगदान दिया। वह दुनियाभर में लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उनके अनुसार, लगातार विषम परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद, सोनिया गांधी ने अपनी सार्वजनिक सेवा में बहुत समझदारी और प्रतिबद्धता दिखाई है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी देश के लिए त्याग और समर्पण की मिसाल हैं।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘निस्वार्थ भाव और संवेदनशीलता की प्रतिमूर्ति सोनिया गांधी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सही रास्ते, सही साधन और संविधान के मार्गदर्शक सिद्धांतों पर दृढ़ रहने की आवश्यकता पर आपका आग्रह आपको पार्टी और देश के लिए इतना खास बनाता है।
सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते बीते कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है। वह राज्यसभा सदस्य तथा कांग्रेस ससंदीय दल की अध्यक्ष हैं। वह सोमवार को 78 साल की हो गईं। वह राज्यसभा सदस्य हैं तथा कांग्रेस ससंदीय दल की अध्यक्ष हैं। वह दो दशक से अधिक समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार के समय वह इस गठबंधन की अध्यक्ष और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की प्रमुख थीं।
------------
प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। मोदी ने सोमवार को एक्स पर लिखा, सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।