Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीCongress Leaders Urge Newly Appointed Secretaries to Fight BJP and RSS Ideologies

सत्ता संग्राम : खरगे ने सचिवों को दी भाजपा की विचारधारा के खिलाफ लड़ने की नसीहत

नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने नवनियुक्त सचिवों से भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ मजबूती से लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन के लिए काम करने पर...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 3 Sep 2024 01:01 PM
share Share

- पार्टी अध्यक्ष और राहुल गांधी ने नवनियुक्त सचिवों के साथ की बैठक - कहा-कांग्रेस सामाजिक परिवर्तन, भाजपा जड़ता के लिए करती है काम

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संगठन में नवनियुक्त सचिवों को भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ मजबूती से लड़ने की मंगलवार को नसीहत दी है। इसके साथ उन्होंने नए सचिवों से सामाजिक परिवर्तन के लिए काम करने का आह्वान किया है।

कांग्रेस मुख्यालय में हुई नवनियुक्त सचिवों और संयुक्त सचिवों के साथ बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा की। इसके साथ उन्होंने पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर भी उनकी प्रतिक्रिया मांगी। बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद थे।

पार्टी ने कुछ दिन पहले ही बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए 75 सचिवों और संयुक्त सचिवों की नियुक्ति की थी। इनमें 12 महिलाएं हैं। इस फेरबदल में 60 प्रतिशत से ज्यादा सचिव एससी/एसटी/ओबीसी से हैं। इसके साथ 50 फीसदी की उम्र 50 वर्ष से कम है। बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स पर लिखा कि कांग्रेस हर भारतीय तक पहुंचेगी। बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम संगठन को मजबूत करते हुए हर आवाज को साथ लेकर चलने और सत्ता को सच का आईना दिखाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पार्टी महासचिव और संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने कहा कि नए सचिवों और संयुक्त सचिवों की टीम समाज के हाशिए पर मौजूद वर्गों का मजबूत प्रतिनिधित्व है। इनका जोश पार्टी के कामकाज में नए उत्साह का संचार करेगा। वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नवनियुक्त सचिवों को भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ लड़ने और संविधान की रक्षा के लिए दृढता से काम करने की नसीहत दी है। कांग्रेस को सामाजिक परिवर्तन के लिए काम करने वाली पार्टी करार देते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस सामाजिक जड़ता का प्रतिनिधित्व करती है। इसलिए, हम सभी को मिलकर पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करते हुए इन ताकतों को हराना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें