कंडक्टर की पिटाई के बाद कर्नाटक-महाराष्ट्र में बस सेवाएं प्रभावित
बेंगलुरु में कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एक कंडक्टर की पिटाई तब की गई जब उसने मराठी में बात करने से इनकार किया। एक लड़की ने टिकट मराठी में मांगा और कंडक्टर ने कन्नड़ में...

बेंगलुरु, एजेंसी। मराठी नहीं बोलने पर कर्नाटक की बस के कंडक्टर की पिटाई के बाद कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार को बेलगावी में एक बस चालक और कंडक्टर को कथित तौर पर मराठी में बात न करने पर पीटा गया।
बस कंडक्टर द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार, एक लड़की ने मराठी में टिकट मांगा। जब उसने कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने लड़की से कन्नड़ में बात करने को कहा, तो लड़की तथा उसके पुरुष मित्र ने उस पर हमला कर दिया। युवकों के एक समूह ने बस को रोका और कंडक्टर की पिटाई की। जवाबी कार्रवाई करते हुए कुछ बदमाशों ने शनिवार को चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के गुइलल में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के बस चालक भास्कर जाधव पर हमला कर दिया और उसका चेहरा काला कर दिया।
बेलगावी के पुलिस आयुक्त यदा मार्टिन मारबानियांग ने बताया कि पुलिस ने हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और लड़की की शिकायत पर कंडक्टर के खिलाफ भी नाबालिग लड़की से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।