नौकरी बहाली के लिए फिर सीएम से मिले बस मार्शल
बस मार्शल जो करीब 17 महीने से नौकरी बहाली की मांग कर रहे हैं, सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिले। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर जल्दी ही चर्चा की जाएगी। लगभग 400 बस मार्शल...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। नौकरी बहाली की मांग के लिए करीब 17 महीने से धरना दे रहे बस मार्शल सोमवार को फिर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने उनके शालीमार बाग स्थित आवास पर पहुंचे। यहां बस मार्शलों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री ने वार्ता की। इसके बाद उन्होंने आवास से बाहर आकर बस मार्शलों को संबोधित भी किया। उन्होंने जल्द ही दिल्ली सरकार की कैबिनेट मीटिंग के दौरान उनके मुद्दे पर न सिर्फ चर्चा करने, बल्कि समाधान निकालने का भी आश्वासन दिया है। बीते सप्ताह भी बड़ी संख्या में बस मार्शल मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचे थे। तब मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र संपन्न होने के बाद वार्ता का आश्वासन दिया था। बस मार्शलों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन करके आगामी बुधवार को बुलाया गया था, लेकिन बस मार्शलों ने तय किया कि सोमवार को ही मुलाकात कर अपनी मांग रखेंगे। सोमवार सुबह आठ बजे करीब 400 बस मार्शल सीएम आवास पर पहुंचे। बस मार्शल प्रेमजीत ने बताया कि तकरीबन एक घंटे इंतजार करने के बाद नौ बजे एक प्रतिनिधिमंडल को आवास पर बुलाकर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।