Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीArvind Kejriwal to Resign as Chief Minister AAP Leaders Express Concern Over His Safety

सभी सरकारी सुविधाएं छोड़ेंगे केजरीवाल : संजय सिंह

दावा ---- - आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य ने सुरक्षा को खतरा बताया -

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 18 Sep 2024 12:09 PM
share Share

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल एक बार फिर आम आदमी की तरह रहेंगे। वह 15 दिन के भीतर मुख्यमंत्री आवास खाली करेंगे। उन्हें मिली सुरक्षा एवं अन्य सरकारी सुविधाओं को भी वे छोड़ेंगे। उन्होंने केजरीवाल की सुरक्षा को खतरा बताते हुए इस पर चिंता जताई है। संजय सिंह ने बताया कि केजरीवाल मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाली सभी सुविधाओं को छोड़ेंगे। ऐसा देखने में आता है कि नेता पद छोड़ने के बाद भी उन सुविधाओं को पाने के लिए वर्षों तक लड़ाई लड़ते हैं। अपने सरकारी आवास तक को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होते। अभी यह तय नहीं हुआ है कि केजरीवाल कहां रहेंगे। संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर कई बार हमला हो चुका है। उनकी सुरक्षा को खतरा है। इसलिए पार्टी नेताओं द्वारा उन्हें सुरक्षा रखने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने सरकारी सुरक्षा छोड़ने का फैसला किया है।

दिल्ली के लोग दुखी

संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे से दिल्ली की जनता बहुत दुखी और गुस्से में है। लोग पूछ रहे हैं कि केजरीवाल को इस्तीफा देने की जरूरत क्या थी। उन्होंने ईमानदारी से दिल्ली के दो करोड़ लोगों की सेवा की है। ऐसे में उनको इस्तीफा नहीं देना चाहिए था, लेकिन दो साल से भाजपा लगातार केजरीवाल को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाए गए, जबकि एक भी रुपये का सबूत अब तक नहीं मिला है। जिस पीएमएलए के मामले में जमानत मिलना लगभग नामुमकिन है, उसमें अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी।

मुफ्त सुविधाएं बंद कर देगी भाजपा

आप नेता ने कहा कि अब दिल्लीवालों को सोचना है कि केजरीवाल मुख्यमंत्री नहीं होंगे तो दिल्ली में मिल रही मुफ्त बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की बस यात्रा, बुजुर्गों की तीर्थयात्रा योजना का क्या होगा। भाजपा कहती है कि मुफ्त सुविधाएं बंद होनी चाहिए और दिल्लीवालों को मुफ्तखोर कहकर बदनाम करती है। भाजपा दिल्लीवालों को मिल रही सभी मुफ्त सुविधाएं बंद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल देश के इकलौते नेता हैं, जो अपनी ईमानदारी पर वोट मांग रहे हैं। पार्टी को पूरा भरोसा है कि वह जनता की अदालत से प्रचंड बहुमत पाकर अपनी ईमानदारी का प्रमाण पत्र लेकर आएंगे।

---------

राजनीतिक नौटंकी कर रही आप : भाजपा

भाजपा ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी राजनीतिक नौटंकी कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि इसके लिए लंबी स्क्रिप्ट लिखी गई है, जो लंबे समय तक चलेगी। आम आदमी पार्टी आगे भी इसी तरह की नौटंकी करती रहेगी।

सचदेवा ने संजय सिंह की प्रेसवार्ता के बाद कहा कि इस्तीफा देना, आतिशी को सीएम बनाना और फिर घर खाली करने की बात करना इसी नौटंकी का हिस्सा है। अब अरविंद केजरीवाल आगे भी इस तरह की बातें करते रहेंगे। दिल्ली में अगले 15 दिन तक यही चलेगा। आप को झूठ बोलने में महारत है। राजधानी में शिक्षा, स्वास्थ्य के नाम पर कुछ नहीं किया गया। शराब, स्कूल, पैनिक बटन के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया है। अब आप नेता जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें