खेल : रोहित को क्या करना है किसी को बताने की जरूरत नहीं: रहाणे
मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि रोहित शर्मा को अपनी लय हासिल करने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि रोहित का व्यक्तित्व और खेल के प्रति उनका रवैया सहज है। रहाणे ने विश्वास जताया कि...

मुंबई, एजेंसी। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बुधवार को कहा कि रोहित शर्मा को यह बताने की जरूरत नहीं है कि उन्हें क्या करना है। जब वह लय हासिल कर लेंगे तो उन्हें बड़ी पारी खेलने में कोई परेशानी नहीं आएगी। रहाणे ने अभ्यास सत्र के दौरान बुधवार को कहा, देखिए, रोहित, रोहित है। हम सभी यह जानते हैं। आपको भी पता है कि रोहित का व्यक्तित्व क्या है। मैं उन दोनों (रोहित व जायसवाल) को मुंबई के ड्रेसिंग रूम में वापस पाकर बहुत खुश हूं। उन्होंने ने कहा, रोहित कभी तनाव लेना पसंद नहीं करते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए भी उनका चरित्र वैसा ही है। उनका रवैया काफी सहज है। वह अपने खेल को अच्छी तरह से जानते हैं, इसलिए किसी को उन्हें यह बताने की जरूरत नहीं है कि उन्हें क्या करना है। वह एक बार क्रीज पर थोड़ा समय बिताने के बाद अच्छा करेंगे। उन्होंने खुद में कोई बदलाव नहीं किया है जो काफी अच्छी बात है। इस में अहम बात यह है कि रोहित में अच्छा प्रदर्शन करने का जज्बा बरकरार है। वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिए दृढ़ है। मुझे यकीन है कि एक बार जब वह मैदान पर उतरेंगे तो ऐसा करने में सफल रहेंगे।
रोहित इंग्लैंड के खिलाफ छह फरवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज और उसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की कप्तानी करेंगे। रहाणे ने कहा, मुझे लगता है कि वह सिर्फ इस मुकाबले को खेलेंगे। अगले मैच में उनकी उपलब्धता के बारे में मुझे पता नहीं है। अगले चार दिनों तक उनके सुझाव हमारे लिए काफी अहम होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।