उल्लू ऐप ने विवाद के बाद एजाज खान के रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट को हटाया
मुंबई में अभिनेता एजाज खान के रियलिटी शो 'हाउस अरेस्ट' को यौन गतिविधियों से संबंधित विवाद के कारण स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म उल्लू से हटा दिया गया है। महिला आयोग ने खान को तलब किया है। शो में महिलाओं के...

मुंबई, एजेंसी। अभिनेता एजाज खान के रियलिटी शो हाउस अरेस्ट में यौन गतिविधियों से संबंधित सामग्री को लेकर बढ़ते विवाद के बाद स्ट्रीमिंग मंच ‘उल्लू से इसे हटा दिया गया है। महिला आयोग ने खान को तलब भी किया है। उल्लू ऐप पर शो हाउस अरेस्ट सर्च किए जाने पर शुक्रवार को कोई परिणाम नहीं मिला। सर्च करने पर आए संदेश में कहा गया, आपके द्वारा हाउस अरेस्ट के लिए किए गए सर्च का कोई मिलान नहीं मिला। उल्लू ऐप को मुख्य रूप से उसकी वयस्क सामग्री के लिए जाना जाता है। उल्लू ऐप से इस शो को ऐसे समय में हटा दिया गया है, जब शो की एक छोटी वीडियो क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक नेताओं और अन्य लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और इसने आक्रोश को जन्म दिया।
इस वीडियो में खान महिला प्रतियोगियों पर कैमरे के सामने अनुचित कृत्य के लिए दबाव बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह देखा जा सकता है कि महिलाओं से ऐसे निजी सवाल किए जा रहे थे, जो अश्लीलता के दायरे में आते हैं और इन सवालों से वे असहज नजर आ रही थीं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने शो से जुड़े विवाद का स्वत: संज्ञान लेते हुए उल्लू ऐप के सीईओ विभु अग्रवाल और रियलिटी शो बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी खान को तलब किया। साथ ही शो की सामग्री की कड़ी निंदा की है। आयोग ने अश्लीलता को बढ़ावा देने और सहमति का उल्लंघन करने के लिए ‘उल्लू की आलोचना की है। खान को नौ मई को आयोग के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है। मालूम हो कि उल्लू ऐप पर 11 अप्रैल से हाउस अरेस्ट का प्रसारण शुरू हुआ था। इस रियलिटी शो में 12 प्रतिभागी हैं, जिसमें से नौ महिलाएं और तीन पुरुष हैं। शो में ये सभी एक आलीशान विला में रहते हैं, जहां उन्हें विभिन्न टास्क करने पड़ते हैं और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।