2023-24 में कुल चंदे का 88 फीसदी रकम अकेले भाजपा को मिली
प्रभात कुमार नई दिल्ली। वित्तीय वर्ष 2023-24 में देश के छह राष्ट्रीय दलों को मिले

प्रभात कुमार नई दिल्ली।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में देश के छह राष्ट्रीय दलों को मिले कुल चंदे का 88 फीसदी से अधिक रकम अकेले भाजपा को मिली है। इस वित्तीय वर्ष में भाजपा को चंदे में 2243 करोड़ रुपये मिला है, जो कि 2022-23 की तुलना में 1524 करोड़ रुपये अधिक है। हालांकि, कांग्रेस के चंदे में जहां भी भारी उछाल आया है, वहीं बसपा को इस दौरान एक रुपये का भी चंदा नहीं मिला है। इसका खुलासा, सभी राष्ट्रीय दलों द्वारा भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के समक्ष 2023-24 में 20 हजार रुपये से अधिक के मिले चंदे के बारे में दी गई जानकारी के विश्लेषण के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट में हुआ है।
भारतीय राजनीति और चुनाव प्रक्रिया पर बारीकी से नजर रखने वाले संगठन ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) द्वारा तैयार की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023-24 में 12547 दानकर्ताओं ने सभी 2544.278 करोड़ रुपये का चंदा दिया है। दानकर्ताओं में व्यक्ति और संगठन भी शामिल है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय दलों को मिले कुल चंदे में से अकेले भाजपा को 2243.947 करोड़ रुपये, मिला है, जबकि कांग्रेस को महज 281.48 करोड़ रुपये मिला। आप को 11 करोड़, सीपीआई (एम) को डेढ़ करोड़, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीईपी) को एक करोड़ रुपये से भी कम मिला है।
राजनीतिक दलों को चंदा में करीब 200 फीसदी की बढ़ोतरी
वित्तीय वर्ष 2023-24 में राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे में भारी बढ़ोतरी हुई है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 2022-23 की तुलना में 2023-24 में राष्ट्रीय दलों को मिलने वाले चंदे में 199.17 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 2022-23 में राष्ट्रीय दलों को कुल 850.438 करोड़ रुपये चंदा मिला था, जबकि 2023-24 में यह बढ़कर 2544.278 करोड़ रुपये हो गया है। 1693.84 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
भाजपा के चंदे में 211 फीसदी का इजाफा
रिपोर्ट के मुताबिक 2022-23 की तुलना में 2023-24 में भाजपा के चंदे में करीब 211 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसमें कहा गया है कि 2022-23 में भाजपा को 719.858 करोड़ रुपये का चंदा मिला था। जबकि 2023-24 में यह बढ़कर 2243.947 करोड़ रुपये हो गया। इस हिसाब से भाजपा के चंदे में करीब 211 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
कांग्रेस के चंदे में भी 252 फीसदी की बढ़त
भले ही कांग्रेस को कुल चंदे में से बहुत कम रकम मिला हो, लेकिन 2022-23 की तुलना में 2023-24 में पार्टी में चंदे में भारी उछाल आया है। एडीआर द्वारा तैयार रिपोर्ट में कहा गया है कि 2022-23 की तुलना में कांग्रेस के चंदे में 252 फीसदी की बढ़त हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस को 2022-23 में करीब 80 करोड़ रुपये चंदा मिला था, जो 2023-24 में बढ़कर 281 करोड़ रुपये से अधिक हो गया।
आप के चंदे में भारी गिरावट
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 2023-24 में आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीईपी) के चंदे में भारी गिरावट देखने को मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में 2023-24 में आप को मिले चंदे में 70.18 फीसदी यानी 26.038 करोड़ रुपये की कमी आई। जबकि एनपीईपी के चंदे में 98.02 फीसदी यानी 7.331 करोड़ रुपये की कमी आई।
प्रमुख आंकड़े
कुल छह राष्ट्रीय दल- भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप, सीपीआई (एम) और एनपीईपी।
वित्तीय वर्ष 2023-24: कुल चंदा 2544.278 करोड़ रुपये।
कुल दानकर्ता- 12547
चंदा देने का तरीका- 7788 दानदाताओं ने चेक/डीडी के माध्यम से कुल 1909.248 करोड़ रुपये चंदा दिया। यानी कुल चंदे का 75.041 फीसदी चेक और डीडी के माध्यम से मिला।
- 4338 यानी 23.675 फीसदी दानकर्ताओं ने सीधे राजनीतिक दलों के बैंक खाते में दिया चंदा। जबकि 1.28 फीसदी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।