बधाई दी, खुशी जाहिर की और फिर पैसों वाली डिमांड, रेखा गुप्ता की शपथ के बाद आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने गुरुवार को नई सीएम बनीं रेखा गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के लिए खुशी की बात है कि दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिली हैं।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने गुरुवार को नई सीएम बनीं रेखा गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के लिए खुशी की बात है कि दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिली हैं। आतिशी ने इसके बाद मांग की कि वादे के मुताबिक पहली ही कैबिनेट बैठक में महिलाओं को ढाई हजार रुपए देने के फैसले पर मुहर लगाई जाए और 8 मार्च तक पैसा दे दिया जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नई सीएम को बधाई दी और कहा कि महिला सीएम मिलना दिल्लीवालों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा, 'सबसे पहले मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और उनके पूरे कैबिनेट को शपथ ग्रहण पर बधाई देती हूं। दिल्ली को अपनी चौथी महिला मुख्यमंत्री मिली है, यह दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशी की बात है। मैं उम्मीद करती हूं कि एक महिला मुख्यमंत्री के नाते जो वादे भाजपा ने महिलाओं से किए हैं उसे रेखा गुप्ता जी बखूबी निभाएंगी।'
भाजपा ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि उनकी सरकार बनने पर महिला समृद्धि योजना लागू की जाएगी और इसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को 2500 रुपए की मासिक सहायता दी जाएगी। आतिशी ने इसकी याद दिलाते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के समय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने, भाजपा के सभी नेताओं ने और रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को वादा किया था कि हर महिला को 2500 रुपए की राशि उनके खातों में मिलेगी। उन्होंने कहा कि जैसी ही सरकार बनेगी, कैबिनेट की पहली बैठक में 2500 की स्कीम पास होगी और 8 मार्च को पहली किस्त दिल्ली की हर महिला को मिल जाएगा। पीएम ने तो एक रैली में यह भी कहा कि दिल्ली की सभी महिलाएं अपने फोन को खाते से लिंक कर लें ताकि 8 मार्च को उनके पास मैसेज आ जाएं।'
आतिशी ने कहा कि आज नई सरकार का शपथ हो गया, रेखा जी ने पदभार ग्रहण कर लिया। आज शाम 7 बजे दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक है। मेरी दिल्ली की सभी महिलाओं की तरफ से मांग है कि महिलाओं को ढाई हजार रुपए देने वाली योजना को आज ही पास किया जाए। दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि आज ही स्कीम पास होगी और 8 मार्च तक सभी के खाते में पैसे आएंगे।