Hindi Newsएनसीआर न्यूज़india gate being evacuated amid tension with pakistan

पाक से टेंशन के बीच दिल्ली में हाई अलर्ट, इंडिया गेट कराया गया खाली, लाइटें ऑफ

पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इंडिया गेट से आम लोगों को हटा दिया गया है। इंडिया गेट के आसपास किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 9 May 2025 12:26 AM
share Share
Follow Us on
पाक से टेंशन के बीच दिल्ली में हाई अलर्ट, इंडिया गेट कराया गया खाली, लाइटें ऑफ

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के हमले के बीच दिल्ली में भी हलचल देखी जा रही है। दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जगह जगह दिल्ली पुलिस के साथ सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। इंडिया गेट क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इंडिया गेट से आम लोगों को हटा दिया गया है। पूरा क्षेत्र खाली करा लिया गया है। इंडिया गेट के आसपास किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं है।

खबर लिखे जाते वक्त इंडिया गेट पर लाइटें ऑफ कर दी गई थीं। कर्तव्य पथ से भी लोगों को हटा दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक भी नियंत्रित किया गया है। पुलिस ने एनाउंस कर के लोगों से इलाके को खाली करने को कहा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा- पुलिस ने रात की निगरानी बढ़ा दी है। हर संवेदनशील इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। इस बीच दिल्ली सरकार ने अपने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

दिल्ली सरकार के सेवा विभाग ने अपने कर्मचारियों को अगले आदेश तक छुट्टी पर जाने से प्रतिबंधित कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों की जांच के लिए समीक्षा बैठक की गई। प्रमुख प्रतिष्ठानों पर अर्धसैनिक बलों समेत अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी जोन के विशेष आयुक्त सभी 15 जिलों के उपायुक्तों के साथ बैठक कर रहे हैं।

एक सूत्र ने बताया- दिल्ली पुलिस किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। सभी डीसीपी अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। मॉल, बाजार, मेट्रो स्टेशन, होटल, आवासीय कॉलोनियों, हवाई अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धानिया ने बताया कि आतंकवाद विरोधी उपायों के तहत पुलिस ने मयूर विहार फेज-1 मेट्रो स्टेशन पर गहन सुरक्षा जांच की। सीआईएसएफ कर्मियों के साथ एक केंद्रित बैठक की गई।

(पीटीआई और हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट पर आधारित)

अगला लेखऐप पर पढ़ें