अब क्लासरूम घोटाले में बढ़ी मुसीबत, सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ चलेगा मुकदमा; गृह मंत्रालय ने दी अनुमति
- दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को बड़ा झटका लगा है। गृह मंत्रालय ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस चलाने की अनुमति दे दी है। अब दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को बड़ा झटका लगा है। गृह मंत्रालय ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस चलाने की अनुमति दे दी है। अब क्लासरूम घोटाले को लेकर दोनों पूर्व मंत्रियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा। बता दें कि दोनों ही भूतपूर्व मंत्रियों को कोर्ट से पिछले साल कथित शराब घोटाले में जमानत मिली थी। अब एक बार फिर से दोनों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक पत्र में यह स्वीकृति दी गई है। दो अलग-अलग पत्रों में से एक में पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन और पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर मुकदमा चलाने की स्वीकृ्ति दे दी है। इसमें दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम-1988 की धारा 17-A के तहत मुकदमा चलाने की स्वीकृति दे दी है। अब दोनों ही पूर्व मंत्रियों के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी। इसके लिए मुकदमा चलाने की अनुमति गृह मंत्रालय ने दे दी है।
गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली सरकार के लिए जारी किए पत्र में गृह मंत्रालय ने यह स्वीकृति दी है। पत्र में गृह मंत्रालय के अवर सचिव की तरफ से जारी किया गया है। पत्र में बताया गया है कि दिल्ली की पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे सत्येंद्र जैन और शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली के सतर्कता निदेशालय विभाग की तरफ से मुकदमा चलाने की स्वीकृति मांगी गई थी, जो स्वीकार कर ली गई और स्वीकृति दे दी गई है। इस पत्र में सतर्कता निदेशालय विभाग को भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा चलाने की अनुमति मिल गई है।
बता दें कि पिछले साल अगस्त महीने में मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से और अक्टूबर महीने में राउज एवन्यू कोर्ट से सत्येंद्र जैन को जमानत मिली थी। मनीष सिसोदिया कथित अबकारी घोटाला मामले में 17 महीने तक जेल में बंद थे, जबकि सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग केस में 2022 में गिरफ्तार हुए थे और तब से जेल में बंद थे। अब दोनों के खिलाफ एक बार फिर से मुकदमा चलाने की स्वीकृति मिल गई है। ऐसे में दोनों आम आदमी पार्टी सरकार के दोनों भूतपूर्व मंत्रियों की मुसीबतें एक बार फिर से बढ़ने वाली हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।