Ramadan Last Friday Prayers in Gurugram Peace and Brotherhood Celebrated रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज अदा, Gurgaon Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsRamadan Last Friday Prayers in Gurugram Peace and Brotherhood Celebrated

रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज अदा

गुरुग्राम में रमजान के आखिरी जुमे की नमाज अदा की गई। हजारों नमाजियों ने मस्जिदों और खुले मैदानों में इबादत की। इमामों ने भाईचारे और शांति का संदेश दिया। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान...

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांवFri, 28 March 2025 09:59 PM
share Share
Follow Us on
रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज अदा

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। मिलेनियम सिटी में शुक्रवार को रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज अदा की गई। खुले से लेकर मस्जिदों में अल्लाह की इबादत में सिर झुकाए और अमन-चैन की दुआ मांगी। अंतिम जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के इंतजाम बेहतर रहे। सभी नमाज स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। शहर के सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद, बजघेड़ा, पटौदी चौक के पास, हाईवे स्थित मस्जिद, गांव धनकोट, सेक्टर-57, देवीलाल नगर , शीतला कॉलोनी और सराय अलावर्दी की मस्जिद में आखिरी जुमे की नमाज के लिए सुबह से ही रोजेदार पहुंचे। मस्जिदों के बाहर बड़ी संख्या में नमाज के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। नमाजियों की संख्या अधिक होने पर मस्जिद इंतजामिया कमेटियों की ओर से दो से तीन बार में नमाज पढ़ाई गई। जामा मस्जिद के इमाम जान मोहम्मद ने कहा कि सभी रोजेदारों को ईद पर जकात और फितरा करने के लिए कहा गया है। यह एक प्रकार का दान होता है, जो रमजान के पाक महीने में किया जाता है।

गले मिलकर प्रेम और सौहार्द का इज़हार किया:

सेक्टर-29 के लेजर वैली मैदान में नमाज़ अदा की गई। इस मौके पर इमामों और धर्मगुरुओं ने अमन, भाईचारे और समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। यहां हजारों की संख्या में नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने नमाजियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। गुरुग्राम इमाम संगठन के फाउंडर काजी मुफ्ती अब्दुल हसीब क़ासमी ने कहा कि रमज़ान सिर्फ उपवास का महीना नहीं, बल्कि यह धैर्य, संयम, करुणा और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। गले मिलकर प्रेम और सौहार्द का इज़हार किया।

भाईचारे और शांति का संदेश गूंजा:

शहर में प्रशासन ने नमाजियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए। विभिन्न समाज सेवी संगठनों ने भी इफ्तार और ज़रूरतमंदों के लिए भोजन वितरण जैसे कार्य किए। अलविदा जुमा के मौके पर शहर में भाईचारे और शांति का संदेश गूंजा। गुरुग्राम इमाम संगठन ने अपील की कि रमज़ान की इस पाक भावना को सिर्फ एक महीने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। हमेशा इंसानियत और प्रेम का संदेश फैलाते रहें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।