घरों से उठाने और कचरा निस्तारण के अलग लगेंगे टेंडर
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम क्षेत्र के लोगों को कूड़े की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यालय ने घरों से कूड़ा उठाने के लिए टेंडर रद्द कर दिया है। अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कूड़े के उठाने...

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। मानेसर नगर निगम क्षेत्र के लोगों की कूड़े को लेकर परेशानी कम नहीं हो रही है। घरों से कूड़ा उठाने के लिए निगम की तरफ से टेंडर लगाकर मुख्यालय को अनुमति के लिए भेजा था, लेकिन मुख्यालय की ओर इस टेंडर को रद्द कर दिया है। अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने घरों से कूड़ा उठाने और कूड़े के निस्तारण करने के दो अलग-अलग टेंडर लगाने के निर्देश दिए हैं। यह टेंडर शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी की गई 2023 की पॉलिसी के अनुसार लगाने होंगे। बता दें कि मानेसर निगम का गठन हुए चार साल से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन बीते दो साल से घरों से कूड़ा उठाने का टेंडर सिरे नहीं चढ़ पा रहा है। लगातार मुख्यालय की तरफ से मानेसर इस टेंडर को कभी रद्द कर दिया जाता है तो कभी नई पॉलिसी लागू करके टेंडर दोबारा लगाने को कहा जाता है। निगम ने घरों से कूड़ा उठाने और निस्तारण करने को लेकर एक टेंडर प्रक्रिया पूरी करके मुख्यालय को अनुमति के लिए भेजा था, लेकिन मुख्यालय ने तीन माह के बाद इस टेंडर की अनुमति देने की बजाय इसे रद्द कर दिया है। मुख्यालय की तरफ से टेंडर रद्द करने से मानेसर क्षेत्र के गांव के लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अभी तक निगम की तरफ से निजी एजेंसी को अस्थायी तौर पर ट्रैक्टरों से कूड़ा उठाने के लिए टेंडर जारी किया हुआ है, लेकिन एजेंसी की तरफ से घर-घर से कूड़ा एकत्रित नहीं किया जा रहा है। इस कारण यहां लोग खुले में कूड़ा गिराने को मजबूर हैं।
- कूड़ा निस्तारण का लगेगा अलग से टेंडर
मानेसर निगम में भी बंधवाड़ी की भांति यहां सेक्टर-8 में कूड़े के पहाड़ बनने शुरू हो गए हैं। निगम की तरफ से कूड़े का निस्तारण नहीं करने के कारण यहां कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। हालांकि निगम ने कूड़ा निस्तारण का काम एक एजेंसी को सौंपा हुआ है। इसके बाद भी यहां कूड़ा निस्तारण का काम नहीं किया जा रहा है। मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि अब निगम को कूड़ा निस्तारण को लेकर अलग से टेंडर लगाना होगा। इसको लेकर निगमायुक्त रेनू सोगान से इसकी जानकारी मांगी गई तो उन्होंने ना तो फोन उठाया और ना ही मैसेज का कोई जवाब दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।