भाजपा सरकार 10 सालों में मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पाई : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में गुरुग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं दी। कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया जिसमें उन्होंने...

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को कहा कि बीते 10 सालों में भाजपा की सरकार गुरुग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई। जिन वादों के साथ भाजपा सत्ता में आई थी, उन्हें पूरा नहीं किया। नगर निगम पर भी भाजपा काबिज रही, लेकिन तस्वीर नहीं बदली। हुड्डा रविवार को कांग्रेस भवन में निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी होने के अवसर पर यह बातें कहीं। निकाय चुनाव को लेकर रविवार को कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी किया। गुरुग्राम के कांग्रेस भवन में घोषणा पत्र जारी करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को पूर्ण बहुमत देते हुए विजय बनाने की अपील की।
इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे कांग्रेस का मेयर व पार्षद चुनकर सदन में भेजें। गुरुग्राम के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने घोषणा पत्र साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस का यह घोषणा पत्र स्थानीय मुद्दों, समस्याओं पर आधारित है। कांग्रेस पार्टी अपने घोषणा पत्र के माध्यम से गुरुग्राम की जनता से यह वादा करती है कि गुरुग्राम की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया जाएगा। हर समस्या का तय समय पर समाधान होगा। हर सुविधा विश्वस्तरीय दी जाएगी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव, प्रभारी करण दलाल, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, वर्धन यादव, मोहित ग्रोवर, पर्ल चौधरी, पंकज डावर आदि मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने हरियाणा निकाय चुनाव का घोषणा पत्र पढ़ा।
भाजपा सरकार 100 दिन में हो गई विफल : उदयभान
प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि भाजपा सरकार अपने पहले 100 दिन में ही विफल हो गई है। वैसे तो सरकार 10 साल से ही विफल रही है, लेकिन सीएम नायब सिंह सैनी सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रहे हैं। धरातल पर योजनाओं पर कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने घोषणा पत्र पर कहा कि कांग्रेस का निकाय चुनाव का घोषणा पत्र व्यापक पैमाने पर तैयार किया है। जनहित से जुड़े हर विषय को इसमें छुआ है। जनता की समस्याओं का बारीकी से अध्ययन करते हुए घोषणा पत्र तैयार किया है। उन्होंने गुरुग्रामवासियों से अपील की कि निकाय चुनाव में कांग्रेस का मेयर व पार्षद चुनकर विकास की राह आसान बनाएं।
गंदगी मुक्त होगा गुरुग्राम : सीमा पाहूजा
कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहूजा ने कहा कि गुरुग्राम को गंदगी मुक्त करके स्वच्छता की स्थायी सौगात दी जाएगी। शहर में गंदगी डालने के लिए स्थान निर्धारित होंगे। डोर-टू डोर कूड़ा कलेक्शन की प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाएगा। जलभराव का स्थायी समाधान किया जाएगा। जल निकासी के लिए पुराने नालों को साफ व पक्का किया जाएगा। सिविल अस्पताल के निर्माण का जल्द काम शुरू कराया जाएगा। सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में सुविधाएं बढ़ायी जाएंगी। माता शीतला मंदिर के निर्माण का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। बस अड्डे का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। सभी चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगवाई जाएंगी। गुरु द्रोणाचार्य जी के नाम से पार्क, म्यूजियम का निर्माण कराया जाएगा। गुरु द्रोणाचार्य जी के मंदिर का विस्तार किया जाएगा। आरडब्ल्यूए को कार्यों के लिए फंड दिया जाएगा। शहीदों व क्रांतिकारियों की प्रतिमाएं शहर में लगाई जाएंगी। मेयर प्रत्याशी सीमा पाहूजा ने आगे कहा कि लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक का सौंदर्यकरण किया जाएगा। ग्रीन बेल्ट व पार्कों का सौंदर्यकरण करके लाइट्स का प्रबंध किया जाएगा। सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाओं की घोषणा करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि उन्हें परेशानी ना हो। शहर में जगह-जगह पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।