Hindi Newsएनसीआर न्यूज़greater Noida west sector 3 Janata flats 300 people sick after drinking dirty water

किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी की शिकायत, ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी ने किया 300 को बीमार

  • ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 स्थित जनता फ्लैट में दूषित पानी का सेवन करने से 300 से अधिक लोग बीमार हो गए। उन्हें उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार की शिकायत है।

Utkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडाSun, 16 Feb 2025 12:21 PM
share Share
Follow Us on
किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी की शिकायत, ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी ने किया 300 को बीमार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 स्थित जनता फ्लैट में दूषित पानी का सेवन करने से 300 से अधिक लोग बीमार हो गए। उन्हें उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार की शिकायत है। लोगों का आरोप है कि पिछले एक महीने से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इस बारे में शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

सेक्टर-3 के डी ब्लॉक में प्राधिकरण ने जनता फ्लैट बनाए हैं। इनके छह टावर में 600 परिवार रहते हैं। लोगों का आरोप है कि परिसर के दो टावर की पाइपलाइन अलग है। बाकी चार टावर में एक ही पाइपलाइन से आपूर्ति की जाती है। इन ही चार टावर के घरों में पिछले एक महीने से गंदा पानी आ रहा है। इस कारण 300 से अधिक लोग बीमार हो गए। इनमें 15 प्रतिशत बच्चे हैं। लोगों ने बताया कि पानी को आरओ से फिल्टर करने के बाद भी लोग बीमार पड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पानी में से बदबू आती है। इस कारण लोग बाजार से पानी की बोतल मंगवा रहे हैं। इससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

तीन और सोसाइटी में शिकायत आ चुकी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तीन और सोसाइटियों में दूषित पानी का सेवन करने से लोगों के बीमार होने के मामले सामने आ चुके हैं। अभी करीब 15 दिन पहले ही इको विलेज-1, अरिहंत आर्डेन और पंचशील हाईनिस में दूषित पानी का सेवन करने से 500 से अधिक लोग बीमार पड़े थे। प्राधिकरण ने इको विलेज-1 की पानी की जांच कराई थी। इसकी रिपोर्ट में पानी में बैक्टीरिया पाए गए थे। हालांकि, अरिहंत आर्डेन और पंचशील हाईनिस की जांच रिपोर्ट ठीक आई थी। वहीं, इससे पहले इको विलेज-2 में भी दूषित पानी से 700 लोग बीमार हुए थे।

सोसाइटी उपाध्यक्ष विनोद त्रिपाठी ने कहा कि परिसर में पिछले एक महीने से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके कारण लोग बीमार हो रहे हैं। कई लोगों को अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहां रहने वाले शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि गंदे पानी के कारण उनकी पत्नी की तबीयत खराब है। उन्हें उल्टी और पेट दर्द की शिकायत है। दूषित पानी से सोसाइटी के सभी लोग परेशान हैं। वरिष्ठ प्रबंधक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण राजेश गौतम ने कहा कि सोसाइटी में पानी की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या है, जिसको ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। बीमार लोगों की संख्या का पता किया जा रहा है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें