Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsUser Charge Collection Challenge for Societies in Mohan Nagar and Vasundhara

ट्रांस हिंडन की 14 सोसाइटियों पर पांच साल का यूजर चार्ज बकाया

मोहन नगर और वसुंधरा नगर निगम जोन में 14 सोसाइटियों ने 2020 से 2024-25 तक का यूजर चार्ज नहीं दिया है। बकाया राशि 90 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक है। सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि वे कूड़ा प्रबंधन खुद...

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबादSun, 22 Dec 2024 07:06 PM
share Share
Follow Us on
ट्रांस हिंडन की 14 सोसाइटियों पर पांच साल का यूजर चार्ज बकाया

- 2020 से 2024-25 तक का यूजर चार्ज वसूला जा रहा है - सोसाइटी का कहना है कि वे खुद कूड़ा कंपोस्ट कर रहे हैं तो क्यों दें यूजर चार्ज - 90 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक का यूजर चार्ज बकाया

आकाश तोमर, ट्रांस हिंडन। मोहन नगर और वसुंधरा नगर निगम जोन में 14 सोसाइटियों ने पांच साल का यूजर चार्ज नहीं दिया है। इन सोसाइटियों पर 2020-21 से 2024-25 तक का यूजर चार्ज बकाया है, जिसकी वसूली के लिए बार-बार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अधिकांश सोसाइटी प्रबंधन यूजर चार्ज जमा नहीं कर रहे हैं। बकाया राशि 90 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक है।

मोहन नगर जोन और वसुंधरा नगर निगम जोन में यूजर चार्ज वसूलना नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। 14 से अधिक सोसाइटियों ने पांच साल तक यूजर चार्ज जमा नहीं किया है। इसमें कर्नल एनक्लेव, ग्रीन व्यू, कामना अपार्टमेंट वैशाली सेक्टर छह, वैशाली सेक्टर पांच की तीन सोसाइटियां, सेवियर पार्क सोसाइटी, पार्श्वनाथ रेगालिया सोसाइटी, गुलमोहर सोसाइटी और शालीमार गार्डन शामिल हैं। इन इलाकों से पिछले पांच साल से कोई यूजर चार्ज जमा नहीं हुआ है। सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि वे अपने स्तर पर कूड़ा प्रबंधन कर रहे हैं, जिसमें कूड़ा कंपोस्टिंग और अन्य पर्यावरणीय उपाय शामिल हैं। ऐसे में नगर निगम द्वारा अतिरिक्त यूजर चार्ज वसूलना उचित नहीं है।

---

नगर निगम द्वारा सोसाइटी में कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। संपत्ति कर देने के बाद भी हजारों रुपये यूजर चार्ज का नोटिस घरों में भेज रहे हैं। न तो स्ट्रीट लाइट है, न ही पानी की सुविधा। उसके बाद भी टैक्स के नोटिस लगातार सोसाइटी में आ रहे हैं। – रोहित सिंह, पार्श्वनाथ रेगालिया सोसाइटी

स्वयं पैसा देकर कूड़ा उठाना पड़ता है। कूड़ा कंपोस्टिंग के लिए भी अलग से एक कंपनी हायर की हुई है। इसके बाद भी नगर निगम यूजर चार्ज लगा रहा है, जो अनुचित है। निगम अधिकारियों ने बिल्डर का एक लिखित पत्र भी मांगा, वह भी भेज दिया गया है। उसके बावजूद लगातार सोसाइटी में फ्लैट मालिकों को यूजर चार्ज के नोटिस भेजे जा रहे हैं। – हिमांशु शर्मा, सेवियर पार्क, मोहन नगर

----

कई इलाकों में कूड़े की गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायत

यूजर चार्ज कलेक्शनकर्ता पंकज शुक्ला ने बताया कि मोहन नगर जोन में कई इलाकों में कूड़े की गाड़ी नहीं जा रही है। इससे लोग यूजर चार्ज देने से बचते हैं। नगर निगम में शिकायत के बाद भी कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी नहीं पहुंच रही है। लोगों का कहना है कि जब कूड़ा गाड़ी ही नहीं आती है तो वे यूजर चार्ज क्यों जमा करें। इसमें राजेंद्र नगर, डीएलएफ, पसौंडा, पंचशील कॉलोनी, गंगन विहार और भोपूरा जैसे इलाके शामिल हैं, जिनमें 500 से अधिक उपभोक्ता शामिल हैं।

---

बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान में देरी

नगर निगम ने बकाया राशि की वसूली के लिए कई बार नोटिस जारी किए हैं, लेकिन अब तक सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही बकाया राशि जमा नहीं की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना लगाना और अन्य सेवाएं रोकने जैसे कदम शामिल हो सकते हैं।

---

वर्जन

मोहन नगर जोन के प्रभारी आर. पी. सिंह का कहना है कि नगर निगम ने 2020 से सभी निवासियों और सोसाइटियों से यूजर चार्ज की वसूली का आदेश दिया था। शुरुआत में हाथ से बनी रसीद द्वारा नोटिस जारी किए गए। उसके बाद तीन साल तक कोई नोटिस नहीं भेजा गया। इसलिए 2024 में पांच साल का यूजर चार्ज एक साथ वसूला जा रहा है। सोसाइटियों से निकलने वाले कूड़े को निगम की गाड़ियों द्वारा उठाया जा रहा है। इसलिए उन पर भी यूजर चार्ज लगाया जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें